होमगार्ड जवान को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर, इलाज के दौरान हुई थी मौत

जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल में पदस्थापित होमगार्ड के जवान ददन पांडेय की शुक्रवार की रात इलाज के दौरान टीएमएच में मौत हो गई। शनिवार को जवान के पार्थिव शरीर को साकची गर्म नाला होमगार्ड मुख्यालय लाया गया, जहां उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव लेकर परिजन जवान के पैतृक गांव सिवान के लिए रवाना हो गए।

इससे पूर्व मृतक जवान के दाह संस्कार के लिए होमगार्ड डीएसपी अशोक कुमार द्वारा 10 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग परिजनों को दिया गया, साथ ही भरोसा दिया गया की जवान के आश्रितों को दो लाख का मुआवजा भी दिलाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए होमगार्ड के पूर्व सचिव कमल शर्मा ने बताया कि पहली बार होमगार्ड जवान की ड्यूटी के दौरान मौत के बाद कार्यालय में सलामी दी गई। सलामी देने से होमगार्ड के सभी जवान प्रसन्न नजर आए।कमल शर्मा ने बताया होमगार्ड का जवान गरीब है, अगर जवान के पास पैसा रहता तो बेहतर इलाज करा सकता था। उन्होंने बताया ऑन ड्यूटी में मौत होने के कारण जवान के आश्रित को नौकरी भी दिलाई जाएगी।

झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन विभाग के इस पहल की सराहना की गई। साथ ही सरकार से मांग की गई की मृतक जवान के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी अविलंब उपलब्ध कराई जाए। वैसे झारखंड के होमगार्ड जवान अपने इन्हीं सब मांगों को लेकर पिछले कई सालों से आंदोलित हैं।

नदी की तेज धार में बहा बच्चा

बोकारो: बालीडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में नदी के तेज धार में एक 12 वर्षीय बच्चा बह गया। पांच बच्चे गरगा नदी में नहा रहे थे, नहाने के दौरान नदी के तेज धार में एक 12 वर्षीय बच्चा बह गया है। सूत्रों के मुताबिक नदी में पांचो बच्चों ने एक साथ छलांग लगाई थी। जिसमें से चार बच्चे बाहर निकले और एक पानी की तेज धार में बहने लगा। देखते ही देखते पानी के मझधार में बच्चा फंस गया और नजर से ओझिल हो गया। मौके पर स्थानीय लोग और पुलिस भी मौजूद हैं, खबर लिखे जाने तक बच्चे की खोजबीन जारी है। बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं मिला हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक जो बच्चा डूबा उसकी पहचान एहसान के रूप में की गयी है, ये अपने मामा के घर आया था। परिजनों ने नदी के फाटक को बंद कर खोजबीन करने की मांग की है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Big Breaking : जदयू को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष

 

इस वक्त की बड़ी खबर दिल्ली से आ रही है, जहां पूरे दिन की गहमागहमी के बाद जदयू को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। ललन सिंह को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का निर्णय हो गया है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। इनके अध्यक्ष बनने का प्रस्ताव आरसीपी सिंह ने ही दिया था, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

लगातार बारिश से डैम लबालब, खोला गया फाटक

रांची : बीते 24 घंटे से जारी लगातार बारिश के बाद कांके डैम और रुक्का डैम का फाटक खोला दिया गया है। बीती रात कांके डैम का लेवल 27 फीट के उपर और रुक्का डैम का 33 फीट क्रॉस कर गया, जिसके बाद फाटक खोल दिया गया।

कांके डैम की कुल क्षमता 28 फीट है। मगर 27 फीट चढ़ने के बाद ही डैम की सुरक्षा के लिहाज से फाटक खोल दिया जाता है. इसी तरह रुकेका डैम की कुल क्षमता 36 फीट है, लेकिन 33 क्रॉस करने के बाध सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फाटक खोल दिया जाता है।

हटिया डैम का भी तेजी से बढ़ रहा है लेवल

इधर रांची के हटिया डैम का भी वाटर लेवल तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को डैम का वाटर लेवल 24.05 फीट दर्ज किया गया था, जो शनिवार बढ़कर 28.09 फीट पर पहुंच गया। यानि कि 24 घंटे में करीब चार फीट की बढ़ोतरी हुई। डैम अभी क्षमता दूर है। डैम की कुल क्षमता 38 फीट है।

पटना का मीठापुर बस स्टैंड बंद, कर्मी नाराज, यात्री परेशान

पटना: राजधानी पटना के मीठापुर बस स्टैंड से खुलने वाली बसों का परिचालन शनिवार को ठप हो गया। बैरिया आईएसबीटी बस स्टैंड में उचित सुविधा नहीं रहने के कारण बस कर्मी नाराज हो गए और उन लोगों ने अपने बसों का परिचालन ठप कर दिया। इनका कहना है कि जब तक उचित सुविधा नहीं मिलेगा वे लोग वहां नहीं जायेंगे। दरअसल पटना जिला प्रशासन ने सभी बस मालिकों और चालकों को शनिवार की रात तक मीठापुर बस स्टैंड खाली करने का निर्देश दिया है। यानी, शनिवार की रात में खुलने वाली सभी बसें रविवार की सुबह मीठापुर बस स्टैंड में नहीं लौटेंगी। इन बसों का नया स्टैंड बैरिया स्थित आईएसबीटी होगा। सदर एसडीओ नितिन कुमार सिंह ने आईपीसी की धारा 133 के तहत आदेश पारित किया है। मीठापुर बस स्टैंड में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, इसी कारण बस स्टैंड को यहां से हटाया जा रहा है।

प्रोटीन से भरपूर है ग्रील्ड कॉटेज चीज बेसिल, कोरोना के समय का सबसे हेल्दी डाइट

ग्रिल्ड कॉटेज चीज बेसिल रेसिपी कोरोना के समय का सबसे हेल्थी रेसिपी है। सबसे बड़ी बात यह है कि ये रेसिपी प्रोटीन से भरपूर है। इसमें ओलिव आयल का यूज़ किया जाता है, और वो भी नाम मात्र का। अगर आप डाइटिंग करते हैं तो भी ये रेसिपी आपके लिए बेस्ट है। इसे आप भी बना सकते हैं, उसके लिए आप हमारा ये सेगमेंट देखिये।

आयरन फैक्ट्री में हादसा, दो मजदूर की मौत

गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चतरो स्थित बालमुकुंद फैक्ट्री में शनिवार की सुबह दो मजदूरों की मिक्सर मशीन में काम करने के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांडेय के जोधपुर गांव निवासी टेटू महतो और रसकुटो गांव निवासी कीमो तुरी के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों मजदूरों को इलाज के लिए शहर के नर्सिंग होम भेजा गया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव को फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि दोनों मृतक मजदूरों के परिजनों के साथ फैक्ट्री प्रबंधन की वार्ता हुई। जिसमें फैक्ट्री प्रबंधन की और से नियम के तहत सात लाख 75 हजार देने पर सहमति बनी। घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना की पुलिस ने मौके पर पंहुच कर मामले की जांच की। फिलहाल हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। इस वार्ता में भाकपा माले के नेता भी शामिल हुए।

अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरी कार, तीन लोगों की मौत, एक घायल

जामताड़ा : नारायणपुर-करमाटांड़ मुख्य सड़क के मुरगाडीह (लोहारंगी) नदी के समीप चार पहिया वाहन पुल से नीचे गिर गया। उसमें सवार 4 लोगों में से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि भागलपुर निवासी सौरव सिंह, गोलू सिंह और अन्य 2 लोग रांची से कार खरीद कर भागलपुर अपने घर के लिए जा रहे थे, तभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरगाडीह पुल के समीप चालक का नियंत्रण खो गया, और गाड़ी सीधे पुल से नीचे गिर गई। घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने 2 लोगों के शव को कार से खींचकर बाहर निकाला। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति सुरक्षित है। मामले की जानकारी मिलते ही नारायणपुर पुलिस तीनों शव को नदी से बाहर निकाला एवं मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

मृतक गोलू सिंह भागलपुर निवासी राणा सिंह का एकलौता पुत्र था। सूचना मिलने पर परिजन भी शनिवार की सुबह नारायणपुर थाना पहुंच चुके थे। मृतक गोलू सिंह के पिता राणा सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।

बरखा रानी जरा थम के बरस, जानिए झारखंड में कहां-कहां बारिश ने मचायी तबाही

मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

रांची : दो दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने झारखंड में भारी तबाही मचाई है। कई लोगों के घरों में पानी घुस गया है तो कई बेघर हो गये हैं। वहीं कई लोगों ने तो डर के मारे अपना अशियाना छोड सुरक्षित स्थान पर जा पहुंचे हैं।

तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ा

बेरमो में बारिश की वजह से तेनुघाट डैम में जल स्तर बढ़ गया है। डैम के 6 गेट से पानी छोड़ा जा रहा है जिससे दामोदर नदी के किनारे रहने वालों की परेशानी बढ़ गई है।

बंगाल सरकार ने की अपील

तेनुघाट डैम खोले जाने पर बंगाल में भी जलस्तर बढ़ गया है। वहां पानी 862 फिट पर जा पहुंचा। वहीं बंगाल सरकार ने अपील की कि डैम का फाटक और नहीं खोले। अगर ऐसा नहीं हुआ तो यहां के स्थानीय लोगों के लिए काफी परेशानी बढ़ जाऐगी।

पलामू में कई नदियां उफान पर

पलामू में लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में कई नदियां उफान पर है। हालांकि मॉनसून के सक्रिय होने से किसानों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है। लेकिन शहरी क्षेत्रों में नदी के तटीय इलाकों में बारिश की वजह से कई घर डूबने लगे हैं। सड़कों पर पानी घुस चुका है। कोयल नदी के किनारे बसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्वर्णरेखा नदी के उफान से डूबा खेत

दो दिनों से हो रहे मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। इसी बीच सरायकेला की स्वर्णरेखा नदी उफान पर है। नदी में पानी बढ़ने के कारण नदी से सटे खेत डूब गए हैं।

लातेहार में आफत बनकर आयी बारिश, दो बच्चों की मौत

बारिश लातेहार जिला में आफत बनकर आयी है। मूसलाधार बारिश के कुलगड़ा गांव के एक परिवार पर आफत बनकर टूटा है। बारिश के कारण घर धाराशायी हो गया, इस घटना में दो बच्चों की दबकर मौत हो गयी, वहीं अन्य चार लोग घायल हो गये हैं। लातेहार शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक लोग भारी बारिश से प्रभावित हो गए हैं।

धनबाद में धंसी मुख्य सड़क

धनबाद को चंदनकियारी होते हुए बंगाल बॉर्डर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क सीतानाला गांव के पास धंस गई है। लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। वहीं अब सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो गई है। जिस प्रकार से मुख्य सड़क में गोफ बना है, ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

बोकारो में सड़क पर बह रहा पानी

स्टील सिटी बोकारो की बात करें तो यहां के कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। जहां बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

भारी बारिश से जलमग्न हुआ निरसा, झिलिया नदी के उफान से दहशत में लोग

निरसा (धनबाद) : गुरुवार से लगातार हो रही बारिश से धनबाद के निरसा में लोग परेशान हैं। क्षेत्र के नदी में भी भारी बारिश की वजह से जलस्तर बढ़ गया है। वहीं झिलिया नदी एक बार फिर उफान पर है। जिसके कारण झिलिया नदी के आसपास रहने वाले लोगों के बीच दहशत व्याप्त है।

बता दें कुछ महीने पहले ही झिलिया नदी में आई बाढ़ के कारण काफी लोग घर से बेघर हो गए थे। वहीं लोगों का कहना है कि कहीं वो फिर न बेघर हो जाएं। सडक पर पानी ही पानी दिख रहा है। डर के मारे लोग जरूरी सामान को लेकर सुरक्षित स्थान पर जा रहे हैं।