Big Breaking : जदयू को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष

 

इस वक्त की बड़ी खबर दिल्ली से आ रही है, जहां पूरे दिन की गहमागहमी के बाद जदयू को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। ललन सिंह को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का निर्णय हो गया है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। इनके अध्यक्ष बनने का प्रस्ताव आरसीपी सिंह ने ही दिया था, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

लगातार बारिश से डैम लबालब, खोला गया फाटक

रांची : बीते 24 घंटे से जारी लगातार बारिश के बाद कांके डैम और रुक्का डैम का फाटक खोला दिया गया है। बीती रात कांके डैम का लेवल 27 फीट के उपर और रुक्का डैम का 33 फीट क्रॉस कर गया, जिसके बाद फाटक खोल दिया गया।

कांके डैम की कुल क्षमता 28 फीट है। मगर 27 फीट चढ़ने के बाद ही डैम की सुरक्षा के लिहाज से फाटक खोल दिया जाता है. इसी तरह रुकेका डैम की कुल क्षमता 36 फीट है, लेकिन 33 क्रॉस करने के बाध सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फाटक खोल दिया जाता है।

हटिया डैम का भी तेजी से बढ़ रहा है लेवल

इधर रांची के हटिया डैम का भी वाटर लेवल तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को डैम का वाटर लेवल 24.05 फीट दर्ज किया गया था, जो शनिवार बढ़कर 28.09 फीट पर पहुंच गया। यानि कि 24 घंटे में करीब चार फीट की बढ़ोतरी हुई। डैम अभी क्षमता दूर है। डैम की कुल क्षमता 38 फीट है।

पटना का मीठापुर बस स्टैंड बंद, कर्मी नाराज, यात्री परेशान

पटना: राजधानी पटना के मीठापुर बस स्टैंड से खुलने वाली बसों का परिचालन शनिवार को ठप हो गया। बैरिया आईएसबीटी बस स्टैंड में उचित सुविधा नहीं रहने के कारण बस कर्मी नाराज हो गए और उन लोगों ने अपने बसों का परिचालन ठप कर दिया। इनका कहना है कि जब तक उचित सुविधा नहीं मिलेगा वे लोग वहां नहीं जायेंगे। दरअसल पटना जिला प्रशासन ने सभी बस मालिकों और चालकों को शनिवार की रात तक मीठापुर बस स्टैंड खाली करने का निर्देश दिया है। यानी, शनिवार की रात में खुलने वाली सभी बसें रविवार की सुबह मीठापुर बस स्टैंड में नहीं लौटेंगी। इन बसों का नया स्टैंड बैरिया स्थित आईएसबीटी होगा। सदर एसडीओ नितिन कुमार सिंह ने आईपीसी की धारा 133 के तहत आदेश पारित किया है। मीठापुर बस स्टैंड में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, इसी कारण बस स्टैंड को यहां से हटाया जा रहा है।

प्रोटीन से भरपूर है ग्रील्ड कॉटेज चीज बेसिल, कोरोना के समय का सबसे हेल्दी डाइट

ग्रिल्ड कॉटेज चीज बेसिल रेसिपी कोरोना के समय का सबसे हेल्थी रेसिपी है। सबसे बड़ी बात यह है कि ये रेसिपी प्रोटीन से भरपूर है। इसमें ओलिव आयल का यूज़ किया जाता है, और वो भी नाम मात्र का। अगर आप डाइटिंग करते हैं तो भी ये रेसिपी आपके लिए बेस्ट है। इसे आप भी बना सकते हैं, उसके लिए आप हमारा ये सेगमेंट देखिये।

आयरन फैक्ट्री में हादसा, दो मजदूर की मौत

गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चतरो स्थित बालमुकुंद फैक्ट्री में शनिवार की सुबह दो मजदूरों की मिक्सर मशीन में काम करने के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांडेय के जोधपुर गांव निवासी टेटू महतो और रसकुटो गांव निवासी कीमो तुरी के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों मजदूरों को इलाज के लिए शहर के नर्सिंग होम भेजा गया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव को फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि दोनों मृतक मजदूरों के परिजनों के साथ फैक्ट्री प्रबंधन की वार्ता हुई। जिसमें फैक्ट्री प्रबंधन की और से नियम के तहत सात लाख 75 हजार देने पर सहमति बनी। घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना की पुलिस ने मौके पर पंहुच कर मामले की जांच की। फिलहाल हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। इस वार्ता में भाकपा माले के नेता भी शामिल हुए।

अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरी कार, तीन लोगों की मौत, एक घायल

जामताड़ा : नारायणपुर-करमाटांड़ मुख्य सड़क के मुरगाडीह (लोहारंगी) नदी के समीप चार पहिया वाहन पुल से नीचे गिर गया। उसमें सवार 4 लोगों में से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि भागलपुर निवासी सौरव सिंह, गोलू सिंह और अन्य 2 लोग रांची से कार खरीद कर भागलपुर अपने घर के लिए जा रहे थे, तभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरगाडीह पुल के समीप चालक का नियंत्रण खो गया, और गाड़ी सीधे पुल से नीचे गिर गई। घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने 2 लोगों के शव को कार से खींचकर बाहर निकाला। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति सुरक्षित है। मामले की जानकारी मिलते ही नारायणपुर पुलिस तीनों शव को नदी से बाहर निकाला एवं मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

मृतक गोलू सिंह भागलपुर निवासी राणा सिंह का एकलौता पुत्र था। सूचना मिलने पर परिजन भी शनिवार की सुबह नारायणपुर थाना पहुंच चुके थे। मृतक गोलू सिंह के पिता राणा सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।

बरखा रानी जरा थम के बरस, जानिए झारखंड में कहां-कहां बारिश ने मचायी तबाही

मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

रांची : दो दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने झारखंड में भारी तबाही मचाई है। कई लोगों के घरों में पानी घुस गया है तो कई बेघर हो गये हैं। वहीं कई लोगों ने तो डर के मारे अपना अशियाना छोड सुरक्षित स्थान पर जा पहुंचे हैं।

तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ा

बेरमो में बारिश की वजह से तेनुघाट डैम में जल स्तर बढ़ गया है। डैम के 6 गेट से पानी छोड़ा जा रहा है जिससे दामोदर नदी के किनारे रहने वालों की परेशानी बढ़ गई है।

बंगाल सरकार ने की अपील

तेनुघाट डैम खोले जाने पर बंगाल में भी जलस्तर बढ़ गया है। वहां पानी 862 फिट पर जा पहुंचा। वहीं बंगाल सरकार ने अपील की कि डैम का फाटक और नहीं खोले। अगर ऐसा नहीं हुआ तो यहां के स्थानीय लोगों के लिए काफी परेशानी बढ़ जाऐगी।

पलामू में कई नदियां उफान पर

पलामू में लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में कई नदियां उफान पर है। हालांकि मॉनसून के सक्रिय होने से किसानों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है। लेकिन शहरी क्षेत्रों में नदी के तटीय इलाकों में बारिश की वजह से कई घर डूबने लगे हैं। सड़कों पर पानी घुस चुका है। कोयल नदी के किनारे बसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्वर्णरेखा नदी के उफान से डूबा खेत

दो दिनों से हो रहे मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। इसी बीच सरायकेला की स्वर्णरेखा नदी उफान पर है। नदी में पानी बढ़ने के कारण नदी से सटे खेत डूब गए हैं।

लातेहार में आफत बनकर आयी बारिश, दो बच्चों की मौत

बारिश लातेहार जिला में आफत बनकर आयी है। मूसलाधार बारिश के कुलगड़ा गांव के एक परिवार पर आफत बनकर टूटा है। बारिश के कारण घर धाराशायी हो गया, इस घटना में दो बच्चों की दबकर मौत हो गयी, वहीं अन्य चार लोग घायल हो गये हैं। लातेहार शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक लोग भारी बारिश से प्रभावित हो गए हैं।

धनबाद में धंसी मुख्य सड़क

धनबाद को चंदनकियारी होते हुए बंगाल बॉर्डर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क सीतानाला गांव के पास धंस गई है। लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। वहीं अब सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो गई है। जिस प्रकार से मुख्य सड़क में गोफ बना है, ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

बोकारो में सड़क पर बह रहा पानी

स्टील सिटी बोकारो की बात करें तो यहां के कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। जहां बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

भारी बारिश से जलमग्न हुआ निरसा, झिलिया नदी के उफान से दहशत में लोग

निरसा (धनबाद) : गुरुवार से लगातार हो रही बारिश से धनबाद के निरसा में लोग परेशान हैं। क्षेत्र के नदी में भी भारी बारिश की वजह से जलस्तर बढ़ गया है। वहीं झिलिया नदी एक बार फिर उफान पर है। जिसके कारण झिलिया नदी के आसपास रहने वाले लोगों के बीच दहशत व्याप्त है।

बता दें कुछ महीने पहले ही झिलिया नदी में आई बाढ़ के कारण काफी लोग घर से बेघर हो गए थे। वहीं लोगों का कहना है कि कहीं वो फिर न बेघर हो जाएं। सडक पर पानी ही पानी दिख रहा है। डर के मारे लोग जरूरी सामान को लेकर सुरक्षित स्थान पर जा रहे हैं।

‘कुशवाहा या ललन’, किसके हाथ होगा जेडीयू का तीर ?

जेडीयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर आज मुहर लग सकती है। आज दिल्ली में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है।। इस बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली पहुंचे हैं।  दरअसल पार्टी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह केंद्रीय कैबिनेट में शामिल हो गए हैं। इसके बाद से ही पार्टी को नए अध्यक्ष की तलाश है। बिहार में सत्ताधारी जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा इसका ऐलान आज होने की संभावना है। मौजूदा अध्यक्ष आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्री पद संभालने के बाद पार्टी की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी? मौजूदा स्थिति को देखें तो इस पद की रेस में जो दो नाम सबसे आगे नजर आ रहे हैं, वो हैं जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और पार्टी के दिग्गज नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह।

शुक्रवार को बिहार विधान मंडल का मानसून सत्र खत्म होते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली के लिए रवाना हो गए। आज दिल्ली में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक चल रही है। जेडीयू के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, जो मोदी मंत्रिमंडल में इस्पात मंत्री का पद भी संभाल रहे हैं। आज राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में वो अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं। ऐसे में अगर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की बात आती है तो यह नीतीश कुमार के ऊपर निर्भर करेगा कि वह किसे पार्टी की कमान सौंपते है। अगर किसी कारणवश शनिवार को जेडीयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पाता है, तो वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

नीतीश कुमार संगठन को मजबूत करने के लिए हरसंभव कदम उठा रहे हैं। ऐसे में जेडीयू अध्यक्ष को लेकर वो कोई जल्दबाजी भरा फैसला नहीं लेना चाहेंगे। सूत्रों के अनुसार, आरसीपी सिंह अगर अपने पद से हटते हैं तो उपेंद्र कुशवाहा इस पद की होड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। उन्होंने अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी का जेडीयू में विलय किया था। हालांकि, जेडीयू में एक वर्ग है जिसका मानना है कि अगर उपेंद्र कुशवाहा को पार्टी का शीर्ष पद दिया जाता है तो पुराने नेताओं के बीच संदेश अच्छा नहीं जाएगा। जेडीयू पर जाति आधारित राजनीति करने के आरोप भी नहीं लगें, इसके लिए नीतीश कुमार इस बार ललन सिंह को पार्टी का अध्यक्ष पद सौंप सकते हैं। इस कदम के जरिए बिहार के सीएम एक साथ विरोधियों के साथ-साथ बिहार की जनता को कई संदेश दे सकते हैं।

खुशखबरी : 1 अगस्त से बिहार- झारखंड की 6 पैसेंजर ट्रेनों का फिर शुरू होगा परिचालन, यहां देखें लिस्ट

रांची : लॉकडाउन के कारण पिछले साल से बंद कई ट्रेनों का परिचालन रविवार से शुरू हो रहा है। 1 अगस्त से रेलवे, बिहार-झारखंड के यात्रियों के लिए 6 ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर रहा है। इन ट्रेनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया था।

आपको बता दें कि देश में कोरोना के मामलों में कमी आ रही है। इसलिए रेलवे कई ट्रेनों का परिचालन शुरू कर रहा है। पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। हालांकि, यात्रियों को इन ट्रेनों से यात्रा करने के दौरान कोविड के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। एक अगस्त से शुरू होने वाली इन ट्रेनों को अगले आदेश तक जारी रखा जाएगा।

ये ट्रेनों का कल से चलेंगीः-

धनबाद पैसेंजर स्पेशल ट्रेन

बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन

गोमो-चोपन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन

गया-जमालपुर पैसेंजर स्पेशल ट्रेन

गया-किउल पैसेंजर स्पेशल ट्रेन

पटना सासाराम पैसेंजर स्पेशल ट्रेन