Palamu Karam Puja Accident: करम डाली विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबे पांच बच्चे, पलामू में पर्व की खुशियां मातम में बदलीं

Palamu Karam Puja Accident: करम पर्व की खुशियां बुधवार की सुबह उस समय मातम में बदल गयीं, जब करम डाली विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबने से पांच बच्चों की मौत हो गयी. घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव से सटे बोकया गांव के समीप सुबह करीब छह बजे हुई. हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर पहुंच गये. चार बच्चों के शव बरामद कर लिये गये हैं, जबकि एक बच्चे की तलाश जारी बतायी गयी. घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों की ओर से राहत एवं तलाश अभियान चलाया गया.

करम डाली विसर्जन के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पतरिया खुर्द गांव के बच्चे करम पर्व के अवसर पर करम डाली लेकर कोयल नदी में विसर्जन करने गये थे. इसी दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में दूसरे बच्चे भी नदी में उतर गये. नदी में तेज बहाव होने के कारण बच्चे खुद को संभाल नहीं सके. देखते ही देखते एक के बाद एक कई बच्चे पानी में डूब गये. घटना के बाद नदी तट पर चीख-पुकार मच गयी. बताया जाता है कि नदी के पास मौजूद एक महिला ने बच्चों की आवाज सुनी. जब उसने नदी की ओर देखा, तो बच्चे पानी में डूबते नजर आये. महिला ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. आवाज सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास शुरू किया.

चार शव बरामद, एक बच्चे की तलाश जारी

ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद चार बच्चों के शव बरामद कर लिये गये. वहीं, पांचवें बच्चे की तलाश जारी रही. घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस और ग्रामीण लापता बच्चे की तलाश में जुटे रहे. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

विधायक आलोक चौरसिया ने की मुआवजे की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. विधायक ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है. बच्चों की मौत की भरपाई किसी भी कीमत पर नहीं की जा सकती. करम पर्व की खुशियां अचानक गम में बदल गयीं. उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की.

पाटन में भी नदी में डूबने से किशोरी की मौत

पलामू में इसी दिन डूबने की एक अन्य घटना पाटन थाना क्षेत्र में हुई. हिसरा बरवाडीह के नानी झरिया निवासी दिलीप पासवान की 17 वर्षीय बेटी सिंपी कुमारी की जिंजोई नदी में डूबने से मौत हो गयी. बताया गया कि सिंपी कुमारी करमा पर्व के अवसर पर अपनी सहेलियों के साथ गांव के समीप स्थित जिंजोई नदी में करम डाली का विसर्जन करने गयी थी. बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे झुर बहाने के दौरान वह गहरे पानी में चली गयी. ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच ले गये. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

दो घटनाओं के बाद गांवों में पसरा सन्नाटा

सिंपी कुमारी की मौत की खबर मिलते ही हिसरा बरवाडीह और नानी झरिया गांव में करम पर्व की खुशियां मातम में बदल गयीं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलने के बाद पाटन पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पुलिस पूरे मामले के विभिन्न पहलुओं की छानबीन कर रही है. एमएमसीएच में स्थापित पुलिस चौकी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दो अलग-अलग घटनाओं में हुई मौतों के बाद पलामू में करम पर्व के दौरान शोक की स्थिति बनी हुई है. हादसों ने एक बार फिर नदी और अन्य जलस्रोतों में विसर्जन के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है.

यह भी पढ़ें: Bihar Brick Industry: बिहार के ईंट उद्योग को राहत की उम्मीद, कोयला आपूर्ति और टैक्स भुगतान पर बड़ा फैसला

Asim Mandal Remand: 2.20 करोड़ के इनामी असीम मंडल से अब...

Asim Mandal Remand, घाटशिला: सीपीआइ (माओवादी) सेंट्रल कमेटी के सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली नेता असीम मंडल उर्फ आकाश से पूछताछ...

Jharkhand High Court New Judges: मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम...

Jharkhand High Court New Judges, रांची: झारखंड हाईकोर्ट के तीन नवनियुक्त न्यायाधीशों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. मुख्य न्यायाधीश एमएस...

Palamu Koyal River Accident: पलामू में कोयल नदी ने बुझाए पांच...

Palamu Koyal River Accident: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरिया खुर्द गांव में कोयल नदी में डूबने से पांच बच्चों की मौत के...