डिजीटल डेस्क : लोकसभा चुनाव के लिए मतदान का दौर शुरू होने में एक हफ्ते से कम का समय बचा है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ताबड़तोड़ चुनावी दौरा शुरू हो चुका है। रविवार को भाजपा की से घोषणापत्र जारी करने के बाद वह मध्य प्रदेश पहुंचे और उसके बाद देर शाम कर्नाटक के मैसूर में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोला। कहा कि कांग्रेस पार्टी अब टुकड़े-टुकड़े गैंग की सुल्तान बनकर घूम रही है। उसके इरादे खतरनाक हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि देश को बांटने, तोड़ने और कमजोर करने के उसके खतरनाक इरादे पहले जैसे ही हैं। अब तो कांग्रेस घृणा की सारी सीमाएं पार कर चुकी है। कर्नाटक की जनता साक्षी है कि जो भारत के खिलाफ बोलता है, कांग्रेस उसे पुरस्कार में चुनाव का टिकट देती है। पीएम मोदी कहा कि यह कांग्रेस के पतन की पराकाष्ठा है क्योंकि पार्टी के नेताओं ने पहले वंदे मातरम का विरोध किया और अब भारत माता की जय कहने में संकोच कर रहे हैं। असल में कांग्रेस पर सत्ता के लिए आग से खेलने का काम कर रही है। कि कांग्रेस भारतीय सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगती है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि जब भारत का कद विश्व स्तर पर बढ़ रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस नेता विदेश जाकर भारत की छवि खराब करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर जनता दल सेक्युलर के संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा भी मौजूद रहे। जनता दल सेक्युलर सितंबर 2023 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हुई थी। कर्नाटक की कुल 28 लोगकसभा सीटों में से भाजपा 25 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि तीन सीटों पर जद (एस) चुनाव लड़ रही है। राज्य में दो चरणों में मतदान होंगे। राज्य के 14 लोकसभा क्षेत्रों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा जबकि बाकी बची सीटों पर 7 मई को दूसरे चरण का मतदान होगा।







