Ramgarh Viral Video: जिले के दुलमी प्रखंड के सोसो गांव की रहने वाली 28 वर्षीय कविता देवी इन दिनों अपने संघर्ष और हौसले को लेकर चर्चा में हैं। पति के निधन के बाद दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली कविता देवी होमगार्ड बनने की तैयारी कर रही हैं। चार अक्टूबर को उन्होंने रामगढ़ के सिदो-कान्हू मैदान में आयोजित होमगार्ड भर्ती प्री-ट्रायल में साड़ी पहनकर 1600 मीटर की दौड़ पूरी की। करीब 6 मिनट 45 सेकंड में दौड़ पूरी करने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद उनकी संघर्ष की कहानी सामने आई।
पति के निधन के बाद मजदूरी कर चला रहीं परिवार
कविता देवी के पति लंबे समय से बीमार थे। करीब चार वर्ष पहले उनका निधन हो गया। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी कविता देवी के कंधों पर आ गई। वह दैनिक मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। परिवार में उनके ससुर के अलावा कोई अन्य पुरुष सदस्य नहीं है। दो गोतनी में कविता देवी बड़ी हैं। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। इन जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने होमगार्ड में बहाली की तैयारी जारी रखी।
निशुल्क प्रशिक्षण लेकर कर रही थीं तैयारी
होमगार्ड भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद कविता देवी हथियारा महुआटांड़ स्थित एचएमटी फिजिकल एकेडमी, दुलमी में तैयारी करने लगीं। अकादमी के संस्थापक अजय करमाली के अनुसार, यहां ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों को होमगार्ड भर्ती की तैयारी के लिए निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। कविता देवी भी इसी प्रशिक्षण का हिस्सा थीं।
साड़ी पहनकर दौड़ीं तो वायरल हो गया वीडियो
चार अक्टूबर को अंकित रनर एकेडमी की ओर से रामगढ़ के सिदो-कान्हू मैदान में ओपन टू ऑल होमगार्ड भर्ती प्री-ट्रायल आयोजित किया गया था। कविता देवी साड़ी पहनकर ही 1600 मीटर की दौड़ में शामिल हुईं। उन्होंने करीब 6 मिनट 45 सेकंड में दौड़ पूरी की। इसके बाद दौड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच कविता देवी की मेहनत, संघर्ष और होमगार्ड बनने के उनके जज्बे की चर्चा होने लगी।
वायरल वीडियो के बाद मिली दौड़ की किट
कविता देवी की आर्थिक स्थिति और संघर्ष की जानकारी सामने आने के बाद अंकित रनर एकेडमी रामगढ़ और एचएमटी फिजिकल एकेडमी दुलमी की ओर से उन्हें दौड़ से संबंधित किट उपलब्ध कराया गया। इससे उन्हें होमगार्ड भर्ती की आगे की तैयारी में मदद मिलेगी।
जयराम महतो ने फोन कर बढ़ाया हौसला
डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी कविता देवी के संघर्ष की सराहना की। उन्होंने फोन पर कविता देवी से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। विधायक ने उन्हें दौड़ से संबंधित जरूरी किट जल्द उपलब्ध कराने की बात कही और बेहतर तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया। कविता देवी की कहानी यह बताती है कि पारिवारिक जिम्मेदारियों और मुश्किल परिस्थितियों के बीच भी उन्होंने अपने लक्ष्य की तैयारी नहीं छोड़ी।


















