Ranchi: शहर में एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खाता खाली करनेवाला गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है। नगड़ा टोली निवासी विजय कुमार इस ठगी का शिकार हो गए। गुरुवार को यूनियन क्लब लाइब्रेरी स्थित एक एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे विजय कुमार के साथ ठगों ने चतुराई से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए। घटना के बाद विजय ने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सहयोग करने की बात कहकर लिया एटीएम कार्ड
पीड़ित विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि एटीएम से पैसे की निकासी नहीं हो पा रही थी, इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रोका और कहा कि कार्ड लगाकर ही एटीएम लॉक होगा। जैसे ही विजय रुककर सोचने लगे, एक अन्य युवक एटीएम के अंदर आया और सहयोग करने की बात कहकर उनका एटीएम कार्ड ले लिया।
कुछ देर बाद ही विजय के खाते से 75 हजार रुपये की निकासी हो गई। जब उन्होंने एटीएम कार्ड की जांच की तो पाया कि कार्ड बदला जा चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही लालपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।


















