रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में छात्रा समेत तीन लोगों के मोबाइल छीने गए। बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन भी झपटी।
Ranchi Crime News रांची: कोतवाली थाना क्षेत्र में अपराधियों ने अलग-अलग घटनाओं में छात्रा समेत तीन लोगों से मोबाइल फोन की छिनतई कर ली। तीनों घटनाओं को लेकर पीड़ितों ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं बिहार क्लब के समीप बाइक सवार दो अपराधियों ने पति के सामने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और कचहरी चौक की ओर फरार हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Ranchi Crime News:बड़ा तालाब के पास पैदल जा रहे युवक से मोबाइल छीना
निजान कॉलोनी निवासी मो. अरसलान 13 सितंबर की रात करीब नौ बजे किशोरगंज चौक से काम कर पैदल घर लौट रहे थे। बड़ा तालाब के पास पहुंचने पर स्कूटी सवार अपराधियों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद अरसलान ने कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
इसी तरह 10 सितंबर की रात करीब 10:20 बजे परिवार के साथ स्कूटी से जा रहे सुखदेवनगर निवासी विनीत कुमार पोद्दार से भी मोबाइल छीन लिया गया। विनीत ने घटना की शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई है।
Key Highlights
- कोतवाली थाना क्षेत्र में छात्रा समेत तीन लोगों से मोबाइल छीने गए।
- बड़ा तालाब के पास पैदल घर लौट रहे युवक से मोबाइल की छिनतई।
- परिवार के साथ स्कूटी से जा रहे व्यक्ति को भी बदमाशों ने बनाया निशाना।
- सेवा सदन अस्पताल के पास छात्रा के हाथ से मोबाइल झपटा गया।
- बिहार क्लब के पास महिला के गले से सोने की चेन छीनकर बदमाश फरार हुए।
Ranchi Crime News:सेवा सदन अस्पताल के पास छात्रा से मोबाइल झपटा
10 सितंबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे सेवा सदन अस्पताल के पास बाइक सवार युवक ने पिठोरिया निवासी छात्रा जिज्ञासा कुमारी के हाथ से मोबाइल झपट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया।
जिज्ञासा ने भी कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने पुलिस से मोबाइल बरामद कराने की गुहार लगाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
Ranchi Crime News:पति के सामने महिला के गले से सोने की चेन झपटी
कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहार क्लब के समीप गंगा स्वीट्स के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। मामले में हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के नेजाम नगर निवासी मो. फैयाज ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
फैयाज ने पुलिस को बताया कि 10 सितंबर की सुबह करीब पौने आठ बजे वह अपनी पत्नी सहजादी बेगम के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए स्कूटी से निकले थे। गंगा स्वीट्स के पास पहुंचते ही काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार हेलमेट पहने दो युवक उनके पास आए। पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर सहजादी बेगम के गले से सोने की चेन छीन ली।
वारदात के बाद दोनों अपराधी कचहरी चौक की ओर भाग निकले। फैयाज ने बाइक सवारों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सके। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अपराधियों की तलाश कर रही है।


















