रांची के अरगोड़ा में SUV सवार छह बदमाशों ने हर्ष कुमार का अपहरण कर लिया। पुलिस ने नगड़ी से युवक को सकुशल बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Crime News रांची:अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कार्तिक उरांव चौक के पास रविवार देर रात करीब 1:10 बजे एसयूवी सवार छह बदमाशों ने हर्ष कुमार नामक युवक का अपहरण कर लिया। हर्ष अपने तीन दोस्तों के साथ लालपुर में बर्थडे पार्टी से कार से कडरू स्थित घर लौट रहा था। चौक के पास कार खराब होने के बाद सभी सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान एसयूवी संख्या JH 01 BZ 6636 से पहुंचे बदमाशों ने हर्ष के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया।
दोस्तों के विरोध करने पर बदमाशों ने लड़की से जुड़े विवाद का हवाला दिया और हर्ष को अपने साथ ले गए। सूचना मिलते ही रांची पुलिस की कई टीमों ने टेक्निकल सेल की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू की। करीब 3:30 बजे पुलिस ने नगड़ी के मेराल स्थित सुनसान मैदान में घेराबंदी कर हर्ष को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्हें सोमवार को जेल भेज दिया गया। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Crime News:कपड़े फाड़कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, स्टांप पेपर पर कराया हस्ताक्षर
पीड़ित हर्ष ने पुलिस को बताया कि अपहरण के बाद आरोपी उसे करीब दो घंटे तक शहर में अलग-अलग जगह घुमाते रहे। इस दौरान उसे लगातार जान से मारने की धमकी दी गई। रात करीब 3:15 बजे आरोपी उसे नगड़ी के मेराल मैदान में ले गए।
वहां आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बनाया। इसके बाद एक सादे स्टांप पेपर पर उससे जबरन हस्ताक्षर कराया गया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
Key Highlights
- कार्तिक उरांव चौक के पास रात 1:10 बजे युवक का अपहरण किया गया।
- छह बदमाशों ने मारपीट कर हर्ष को SUV में जबरन बैठाया।
- नगड़ी के मेराल मैदान से पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद किया।
- चार आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए, दो की तलाश जारी है।
- पुलिस के अनुसार, चार महीने पुरानी रंजिश के कारण अपहरण की साजिश रची गई थी।
Crime News:छह साल पहले रंगदारी मामले में जेल जा चुका है मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में आकाश कुमार साहु को अपहरणकांड का मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उसी के इशारे पर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि आकाश का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। करीब छह साल पहले लोहरदगा में रंगदारी के एक मामले में वह जेल जा चुका है।
पुलिस ने मामले में आकाश कुमार साहु के अलावा असगर खान, विनय साहु और भोला नायक को गिरफ्तार किया है। दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है।
Crime News:चार महीने पहले बीयर बार में शुरू हुआ था विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, अपहरण की वजह करीब चार महीने पुरानी रंजिश है। लालपुर स्थित एक बीयर बार में आकाश साहु और हर्ष के दोस्त के बीच एक लड़की को अपनी गर्लफ्रेंड बताने को लेकर विवाद हुआ था। बार से निकलने के बाद कोकर चौक पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान हर्ष के दोस्तों ने आकाश की पिटाई कर दी थी। हर्ष भी उस समय वहां मौजूद था। घटना को लेकर सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के मुताबिक, इसी मारपीट का बदला लेने के लिए आकाश ने हर्ष के अपहरण की साजिश रची। आरोप है कि वह हर्ष का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर संबंधित लड़की को दिखाना चाहता था, ताकि उसके सामने अपनी ताकत का प्रदर्शन कर सके। हालांकि, वीडियो दिखाने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- आकाश कुमार साहु, सेन्हा, लोहरदगा, मुख्य आरोपी
- असगर खान, टाकू, कुडू थाना, लोहरदगा
- विनय साहु, बीआईडी कृषि मार्केट, लोहरदगा
- भोला नायक, कचहरी चौक, कोतवाली थाना, रांची


















