Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज फिर से बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों- देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के लिए मंगलवार को गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में अचानक मौसम बिगड़ सकता है और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
शुष्क रहेगा राज्य का बाकी हिस्सा
राजधानी रांची समेत राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन वर्षा की संभावना नहीं है। इसके साथ ही, तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और उमस दोनों ही परेशान कर सकती हैं।
Ranchi: तापमान के आंकड़े
सोमवार को झारखंड के विभिन्न जिलों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मेदिनीनगर और चाईबासा में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सर्वाधिक रहा। जमशेदपुर और बोकारो जैसे औद्योगिक शहरों में भी पारा 38.1 डिग्री सेल्सियस और 37.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे में इसमें एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में 12 से 15 जून के बीच मॅानसून दस्तक दे सकती है।
गोड्डा में बारिश, बाकी जगह सूखा
गोड्डा जिले में सोमवार को हल्की वर्षा दर्ज की गई, जहां 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे कुछ हद तक गर्मी से राहत मिली, लेकिन अन्य जिलों में लोग भीषण गर्मी से जूझते रहे।
Highlights


















