रांची में जेएसएफसी गोदाम के मजदूरों की हड़ताल से जुलाई राशन वितरण प्रभावित। केवल 10% एनएफएसए लाभुकों तक अनाज पहुंचा, करीब 2 लाख गरीबों पर संकट गहराया।
Ranchi Ration Crisis रांची: राजधानी रांची के शहरी क्षेत्र में जुलाई माह के राशन वितरण पर संकट गहरा गया है। झारखंड राज्य खाद्य निगम (जेएसएफसी) गोदाम के मजदूरों द्वारा अनाज की लोडिंग बंद किए जाने से करीब दो लाख गरीब लाभुकों के बीच राशन वितरण प्रभावित हो गया है। शुक्रवार से पीडीएस डीलरों के पास अनाज की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
स्थिति यह है कि अब तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत केवल 10 प्रतिशत लाभुकों तक ही जुलाई माह का राशन पहुंच पाया है।
Ranchi Ration Crisis:केवल 20 पीडीएस डीलरों तक पहुंचा अनाज
फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के रांची जिलाध्यक्ष ज्ञानदेव झा ने बताया कि अब तक केवल 20 पीडीएस डीलरों को ही अनाज उपलब्ध कराया जा सका है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो निर्धारित समय सीमा के भीतर राशन वितरण पूरा कर पाना संभव नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अनाज की आपूर्ति बाधित रहने से हजारों जरूरतमंद परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
Key Highlights:
रांची के शहरी क्षेत्र में जुलाई राशन वितरण पर संकट गहराया।
जेएसएफसी गोदाम के मजदूरों ने पीडीएस के लिए अनाज की लोडिंग पूरी तरह बंद की।
अब तक केवल 10 प्रतिशत एनएफएसए लाभुकों तक ही राशन पहुंच सका।
मजदूर एफसीआई से सीधे पीडीएस दुकानों तक अनाज भेजने के फैसले का विरोध कर रहे हैं।
विभाग ने जल्द समाधान निकालने का भरोसा दिया है।
Ranchi Ration Crisis:सरकार की नई व्यवस्था के विरोध में मजदूर
जेएसएफसी गोदाम के मजदूर सरकार के उस नए निर्णय का विरोध कर रहे हैं, जिसके तहत भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम से सीधे पीडीएस दुकानों तक अनाज पहुंचाने की व्यवस्था लागू की जा रही है।
लेबर सरदार अरुण कुमार का कहना है कि इस नई व्यवस्था से जेएसएफसी गोदाम में कार्यरत 150 से अधिक मजदूरों की आजीविका पर संकट आ जाएगा। पहले एफसीआई से अनाज जेएसएफसी गोदाम लाया जाता था, जहां मजदूर अनलोडिंग और फिर पीडीएस डीलरों के लिए लोडिंग का कार्य करते थे।
Ranchi Ration Crisis:समाधान तक जारी रहेगा विरोध
मजदूरों ने स्पष्ट किया है कि एफसीआई से आने वाले अनाज की अनलोडिंग का काम जारी रहेगा, लेकिन जब तक सरकार या विभाग उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक पीडीएस दुकानों के लिए अनाज की लोडिंग नहीं की जाएगी।
उधर, खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि मजदूरों की हड़ताल के कारण राशन वितरण प्रभावित हुआ है। विभाग का कहना है कि मामले की जानकारी उच्च स्तर पर दे दी गई है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जा सके।
Highlights


















