Simdega Murder Case: प्रेमिका को जंगल ले गया, फिर दफनाया शव; अगले दिन थाने पहुंचकर सुनाई दूसरी कहानी

Simdega Murder Case: झारखंड के सिमडेगा में युवती के अपहरण की शिकायत के पीछे छिपी हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके अपहरण की कहानी गढ़ी और थाने में शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में अनित एक्का (21) को गिरफ्तार किया है। टी.टांगर थाना में 26 सितंबर को युवती के अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को मामले में कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया।

2022 में कॉलेज की पढ़ाई के दौरान हुआ था प्रेम

एसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ मानवीय सूचना के आधार पर छानबीन शुरू की। इसी क्रम में 27 सितंबर को मच्छकटा, झरिया डीपा, बोलबा निवासी अनित एक्का को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अनित ने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की। एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि अनित और झरना टोप्पो के बीच वर्ष 2022 में सिमडेगा कॉलेज में पढ़ाई के दौरान प्रेम संबंध हुआ था। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में अग्निवीर के रूप में चयन होने के बाद भोपाल में प्रशिक्षण और बाद में बारामुला में पदस्थापन के दौरान भी अनित झरना को पैसे भेजता था। बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

महिला थाना में शिकायत के बाद हुआ था समझौता

पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद बढ़ने के बाद महिला थाना में शिकायत भी की गई थी। इसके बाद शादी को लेकर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। हालांकि, मई 2026 के बाद एक बार फिर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। जांच में पुलिस के सामने आरोपी की ओर से कथित तौर पर यह बात सामने आई कि झरना कोर्ट मैरिज करने या 15 लाख रुपये देने की मांग कर रही थी और केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। हालांकि, ये बातें आरोपी के दावे के रूप में ही सामने आई हैं।

Simdega Murder Case: जंगल में ले जाकर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, छुट्टी में घर आए अनित ने 24 सितंबर को झरना को स्कूटी से मच्छकटा जंगल ले गया। आरोप है कि वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद अनित ने युवती के साथ मारपीट की और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में रखा और शंख नदी के किनारे ले गया। वहां कुदाल से गड्ढा खोदकर शव को दफनाने का आरोप है। इसके बाद युवती का मोबाइल नदी में फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपहरण की झूठी शिकायत से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने और जांच को दूसरी दिशा में ले जाने के लिए 26 सितंबर को युवती के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर टी.टांगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की कहानी पर संदेह हुआ और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं को जोड़ते हुए पूछताछ की गई। इसके बाद कथित हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

JPSC Exam Cancellation: झारखंड हाईकोर्ट ने तीन भर्ती परीक्षाओं पर फैसला...

JPSC Exam Cancellation, रांची: झारखंड हाईकोर्ट में सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा, बाल...

Bihar Flood Relief: बिहार बाढ़ राहत की दूसरी किस्त जारी, अब...

Bihar Flood Relief, पटना: बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दूसरे चरण में 1,60,201 परिवारों के...

PMCH Patna Tower 3 Inauguration: पीएमसीएच में 2500 बेड पर इलाज...

PMCH Patna Tower 3 Inauguration: बिहार की राजधानी पटना स्थित पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (PMCH) में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा...