साहिबगंज : बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-80 स्थित फुटानी मोड़ के समीप सुबह-सुबह ग्रामीणों ने चिखने चिल्लाने की आवाज सुनी तो चौंक गए. कई लोग आवाज की दिशा में दौड़े और एक घर के सामने पहुंच गए. पता चला कि आवाज़ घर के एक कमरे से आ रही है. एक युवक खुद को बचाने की गुहार लगा रहा था. दरवाजे का ताला तोड़कर लोगों ने युवक को बाहर निकाला. इसके बाद जो कहानी सामने आयी उसने सबको हैरान कर दिया और मामला कमरे से निकलकर थाने तक जा पहुंचा. कमरे से बाहर आने के बाद युवक ने बताया कि उसका अपहरण कर लाया गया और कमरे के भीतर बक्से में बंद कर दिया गया.
अपहृत युवक महमूद आलम ने बताया कि उसे गुरुवार को तापू टोला के समीप बालू ग्राम से काम करने के लिए लाया गया था, लेकिन मजदूरी नहीं मिलने पर उसने काम करने से इंकार कर दिया. जिसके बाद उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठा कर बरहरवा की और फुटानी मोड़ स्थित एक घर के तहखाने में ले जाया गया. वहां उसके मुंह पर पट्टी और सेलोटेप चिपका कर एक लकड़ी के बक्से में बंद कर, ताला लगा दिया. रात भर बक्से के अंदर रहने के पश्चात सुबह किसी तरह उसने मुंह की पट्टी को खोला. इसके बाद लात से मार-मार कर बक्से के पल्ला को तोड़कर वह बक्से से बाहर निकला. इसके बाद वह, बंद कमरे से बाहर निकालने के लिए चिल्लाने लगा. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे घर से बाहर निकाला. मकान मालिक अशराफुल शेख के घर में किराया में रह रहे इमरान शेख और साईन सेख को लोगों ने फोन कर बुलाया. साइन शेख के पहुंचते हीं लोगों ने उसे पकड़ कर रस्सी से बांध दिया और बरहरवा थाना पुलिस को सूचना दी. घटनास्थल पर थाना पुलिस पहुंचकर अपहृत युवक और अपहरण करने वाले व्यक्ति को पकड़ कर थाना ले गयी.
रिपोर्ट : अमन

















