लातेहार : घनघोर उपेक्षा और उग्रवाद का शिकार रहे गणेशपुर पंचायत में अचानक उपायुक्त अबू इमरान पहुंचे. जिन्हें देखकर इलाके के लोग भाव विभोर हो गए. इस दौरान उपायुक्त अबू इमरान ने गणेशपुर पंचायत के मुख्यालय का निरीक्षण किया और और कोविड वैक्सीनेशन का जायजा लिया. एक घंटे से भी ज्यादा समय तक डीसी ग्रामीणों के बीच रहे.

उपायुक्त के साथ बरवाडीह के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय, गारू प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रताप टोप्पो, गारू अंचल अधिकारी शम्भू राम, पंचायत सचिव सतेंद्र उरांव, गणेशपुर के मुखिया भी मौजूद रहे.

डीसी ने ग्रामीणों के बीच कम्बल का वितरण किया और बच्चों के बीच खिलौने बांटे. कंबल वितरण के बाद डीसी अबू इमरान ने गणेशपुर पंचायत की समस्याओं पर ग्रामीणों के साथ खुल कर बातचीत की. ग्रामीणों ने सड़क नहीं होने के कारण होने वाली परेशानियों से अवगत कराया और सड़क बनवाने की मांग की. उपायुक्त ने पंचायत में शीघ्र ही हाई स्कूल तक पढाई शुरू कराने की बात कही है.

उपायुक्त ने अधूरे पड़े पंचायत भवन का निरीक्षण किया और इसके अभी तक पूर्ण नहीं होने पर गहरी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने इस सम्बंध में शीघ्र जिला मुख्यालय को रिपोर्ट तलब किया है. वहीं 15वें वित्त आयोग की राशि का बेहतर उपयोग करने का निर्देश भी दिया.

















