आक्रोशित लोगों ने पुलिस गाड़ी पर किया पथराव
पुलिस की टीम ने भागकर बचाई जान, दो सिपाही घायल
मॉब लिंचिंग का शिकार होने से बचा ड्राइवर
पटना : राजधानी पटना के न्यू बाईपास में सोरंगपुर मंदिर के पास मंगलवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक मारुति कार ने सात लोगों को कुचल दिया. 2 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि 5 लोग घायल होकर अस्पताल में जीवन मौत से संघर्ष कर रहे हैं. घटना मंगलवार की सुबह 5ः30 बजे की है. पुलिस ने मारुति कार को जब्त कर लिया है.
बताया जा रहा है कि कार का ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ. इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार सवार लोगों को पकड़ लिया, और बंधक बना लिया. कार में सवार ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने मॉब लिंचिंग का शिकार बनाना चाहा. परंतु कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को एक मंदिर में बंद कर दिया.
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया. इस दौरान दो सिपाहियों के जख्मी होने की बात सामने आ रही है. हादसा मारुति ब्रेजा कार से हुआ है. मृतक सोरंगापुर और रामकृष्ण नगर के रहने वाले हैं.
बताया जा रहा है कि पुलिस जब भीड़ के बीच बंधक बनाए गए कार सवार लोगों को छुड़ाकर साथ ले जाने लगी तो गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया. इस दौरान पुलिस की कई गाड़ियों का शीशा तोड़ दिया. पुलिसकर्मियों पर ईट पत्थर चलाएं. हमले के बाद पुलिस की टीम ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई. सूचना पर कई थानों की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. लोगों ने पुलिस पर कार चालक को छोड़ने का आरोप लगाया है.


















