पटना : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मध्य प्रदेश में नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया है। मोहन यादव नए सीएम होंगे। इसको लेकर बिहार की सियासत गरम हो गई है। नए सीएम को लेकर बिहार सरकार के मंत्री जमा खान ने कहा कि हमलोग उस नेता के साथ काम करते हैं जो सबको लेकर चलते हैं। वो लोग है जो लगातार कई कार्ड खेलते हैं। जनता उनको समझ चुकी है। अब कोई कार्ड गेम नहीं चलने वाला है। जनता में उनको जवाब देना होगा। मेरे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सबको लेकर चलते हैं।
मंत्री जमा खान ने कहा कि मोहन यादव के सीएम बनने से बिहार में उसका कोई असर नहीं पड़ेगा। बिहार हर मामले में अलग है। हमारे नेता ने दिखाने का काम किया है। बिहार में इतिहास लिखा गया है। हमारे नेता विकास के लिए जाने जाते हैं, जात और धर्म के लिए नहीं। मेरे नेता जोड़ने वाले हैं। एमवाई के समीकरण पर बिहार में कोई असर नहीं पड़ेगा।
मंत्री ने कहा कि देश में परिवर्तन होगा और आज हमारे नेता को पूरी दुनिया विकास पुरुष के नाम से जानती है। हमारे नेता अपने हाथों से दिल्ली के लाल किले पर झंडा फहराएंगे। बनारस में नीतीश कुमार की रैली पर विरोधियों के निशाने पर जमा खान ने कहा कि बनारस की रैली अंगड़ाई है। उनको पसीना आ चुका है। ठंड में बीजेपी को पसीना आ रहा है। बनारस में हल्ला मच चुका है। जमा खान ने कहा कि बनारस की रैली में चाल लाख भीड़ इकट्ठा होगी, आपलोग देख लीजिएगा। ऐसे नेता की रैली है जो स्वच्छ छवि के हैं, लोग जान चुके हैं।
अविनाश सिंह की रिपोर्ट
















