डिजीटल डेस्क : दूसरे चरण में लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को सुबह से मतदाता बूथों तक पहुंचने शुरू हो गए। बिहार में सुबह 9 बजे तक 9.84 फीसदी वोटर बूथों पर मतदान कर चुके थे। पूर्वोत्तर के त्रिपुरा में बूथों तक वोटरों में मतदान की ललक सबसे ज्यादा दिख रही है। दूसरे चरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग से जारी ताजा ब्योरे के अनुसार, सुबह 9 बजे तक सबसे ज्यादा त्रिपुरा में 16.65 फीसदी मतदान हो चुका था। इस लिहाज से पश्चिम बंगाल दूसरे स्थान पर है जहां इतने समय तक 15.68 फीसदी मतदान होने की पुष्टि हुई है। तीसरे स्थान पर मणिपुर है जहां 9 बजे तक 15.49 फीसदी मतदान हो चुका था जबकि चौथे स्थान पर छत्तीसगढ़ में 15.42 फीसदी मतदान हो चुका है।
दूसरे चरण के शुरूआती मतदान में मध्य प्रदेश और केरल से पिछड़ा यूपी
सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए शुक्रवार की सुबह शुरू हुए मतदान का सुबह 9 बजे तक जो ब्योरा सामने आया है, उसमें हिंदी पट्टी में मतदान अन्य स्थानों की तुलना में कुछ धीमा रहा है। मध्य प्रदेश में सुबह 9 बजे तक 13.82 फीसदी मतदान हो चुका था तो वहीं केरल में इस समय तक जहां 11.98 फीसदी मतदान हो चुका था, वहीं राजस्थान में 11.77 फीसदी और यूपी में 11.67 फीसदी मतदान हुआ है। जम्मू कश्मीर में सुबह 9 बजे तक 10.39 फीसदी मतदान हो चुका था जबकि कर्नाटक में 9.21 फीसदी और महाराष्ट्र में 7.45 फीसदी मतदान होने की पुष्टि हुई है। दूसरे चरण में आज जिन राज्यों में मतदान जारी है, उनमें बिहार और असम में 5-5 सीटों पर वोटिंग है। वहीं छत्तीसगढ़ में 3, जम्मू एवं कश्मीर में 1, कर्नाटक में 14, मध्य प्रदेश 6, महाराष्ट्र में 8, राजस्थान में 13 , त्रिपुरा में 1, उत्तर प्रदेश में 8 और पश्चिम बंगाल में 3 सीटों पर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है।
Highlights


















