पटना: गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित परेड में बिहार की तरफ से भी झांकी प्रदर्शित की जाएगी। इस बाबत बिहार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री महेश्वर हजारी ने एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर झांकी के लिए थीम का विषय रखा गया है ‘स्वर्णिम भारत: विरासत एवं विकास’। इस अवसर पर बिहार की झांकी को भी चयनित किया गया है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार की झांकी में बिहार की समृद्ध ज्ञान एवं शांति की परंपरा को प्रदर्शित किया गया है। प्राचीन काल से बिहार ज्ञान, मोक्ष एवं शांति की भूमि रही है। झांकी में शांति का संदेश देते हुए भगवान बुद्ध को प्रदर्शित किया गया है। भगवान बुद्ध की यह मूर्ति नालंदा के राजगीर में स्थित घोडा कटोरा जलाशय में अवस्थित है। यहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं।
उन्होंने कहा कि झांकी में प्राचीन नालंदा महाविहार के भग्नावशेष को भी दर्शाया गया है जो इस बात की साक्षी है कि चीन, जापान एवं मध्य एशिया के सुदूरवर्ती देशों से छात्र यहां ज्ञान की प्राप्ति के लिए आते थे। नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष प्राचीन भारत की ज्ञान परंपरा के प्रतीक हैं। यह स्थल यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल है।
बिहार सरकार बिहार की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में लगातार प्रयत्नशील है। प्राचीन नालंदा को ज्ञान केंद्र के रूप में पुनर्स्थापित करने की दृष्टि से ही राजगीर में अंतरराष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि बिहार सरकार के द्वारा झांकी के माध्यम से ज्ञानभूमि नालंदा की प्राचीन विरासत एवं उसके संरक्षण हेतु किये जा रहे राज्य सरकार के प्रयासों को दर्शाने की कोशिश की गई है।
https://www.youtube.com/@22scopestate/videos
यह भी पढ़ें- RJD को है सीएम नीतीश का इंतजार, मीसा भारती ने कहा ‘मकर संक्रांति के बाद होता है शुभ काम’
पटना से महीप राज की रिपोर्ट
Republic Day Republic Day Republic Day Republic Day


















