लखनऊ : CM Yogi ने यूपी में 15 मार्च तक भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण पूरा करने का दिया निर्देश। महाकुंभ 2025 के बीतते ही CM Yogi आदित्यनाथ ने यूपी में जनसामान्य से जुड़े प्रशासनिक कामकाज पर पूरा फोकस किया है।
इसी क्रम में शनिवार को CM Yogi ने केंद्र व राज्य सरकार से संबंधित विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
CM Yogi ने कहा कि –‘विभिन्न संचालित परियोजनाओं में लंबित भूमि अधिग्रहण व मुआवजा वितरण की कार्रवाई 15 मार्च तक पूर्ण कर लें। …विभिन्न जनपदों में चल रहीं केंद्र व राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण तथा मुआवजा वितरण की कार्रवाई 15 मार्च तक पूरी कर ली जाए।’
‘परियोजनाओं में देरी से बढ़ती है लागत…’
इस बैठक में शामिल अधिकारियों को निर्देश देते हुए CM Yogi आदित्यनाथ ने कहा कि – ‘…लोकमहत्व से जुड़ी विकास परियोजनाओं की समयबद्धता आवश्यक है। इनसे रोजगार सृजन के साथ-साथ आम जनमानस के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
…लेटलतीफी ना हो। परियोजना में देरी से कास्ट रिवाइज की आवश्यकता पड़ती है, जिससे राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
…विकास परियोजनाओं के लिए जिला प्रशासन भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की नियमित समीक्षा करते हुए प्रभावित किसानों-परिवारों से संवाद स्थापित करें।
…जिलाधिकारी प्रत्येक सप्ताह व आयुक्त हर 15 दिन पर इसकी समीक्षा करें और मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय व संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए नोट भेजें।’

CM Yogi : विकास और रोजगार सृजन ही हमारा लक्ष्य
इसी बैठक में CM Yogi आदित्यनाथ ने आगे कहा कि – ‘…सामान्य नागरिक विकास चाहता है। उसे विकास के अच्छे परिणामों से अवगत कराएं। मुआवजा के लिए सर्किल रेट की जानकारी उसे पहले से ही प्रदान कर दी जाए।
…विकास कार्यों में अवरोध उत्पन्न करने वाले लोगों को चिह्नित करें और उनसे सख्ती से निपटें। …विकास और रोजगार सृजन ही हमारा लक्ष्य है।
…इसके लिए जीरो पेंडेंसी की अवधारणा पर कार्य करें। प्रारंभ हो चुके प्रोजेक्ट्स में नोडल अधिकारियों की निश्चित रूप से तैनाती हो। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता का पूर्ण ध्यान रखा जाए।’

CM Yogi की बनारस, गोरखपुर और नोएडा के विकास कार्यों पर नजर
बैठक में CM Yogi ने बनारस, गोरखपुर और नोएडा के विकास कार्यों के बारे में विशेष तौर पर पड़ताल की। CM Yogi ने वाराणसी से जुड़े कई विकास कार्यों के बारे में भी जानकारी ली और इन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
साथ ही CM Yogi ने कहा कि ‘…ग्रेटर नोएडा में ईएसआईसी द्वारा 350 और गोरखपुर में 100 बेड के हॉस्पिटल निर्माण की कार्रवाई को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाएं।
…इसमें आ रहीं समस्याओं का तत्काल समाधान भी निकाला जाए। …ग्रेटर नोएडा में हॉस्पिटल निर्माण से लगभग एक हजार प्रत्यक्ष तथा 2-3 हजार अप्रत्यक्ष रोजगार का सृजन होगा।’


















