पटना : देश में 15 से 18 वर्ष आयु के लिए टीकाकरण की शुरुआत हो गई है. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईजीआईएमएस (IGIMS) में टीकाकरण की शुरुआत की. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी मौजूद रहे. बिहार की पहली बच्ची ऋतिका को पटना के IGIMS में कोरोना का टीका दिया गया. इसके बाद टीकाकरण प्रारंभ कर दिया गया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में टीकाकरण की पूरी तैयारी है. उन्होनें कहा कि जीनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए मशीन लगाया गया है. जिससे जांच में परेशानी न हो. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय इस मामले को देख रहे है. लॉकडाउन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मंगलवार को आपदा प्रबंधन की बैठक बुलाई गई है. आगे क्या-क्या निर्णय लिया जाएगा बैठक में तय किया जाएगा.
2801 केंद्रों पर लगेगी वैक्सीन
बता दें कि राज्य में 2801 केंद्रों पर किशोरों को कोरोना का टीका लगेगा. केंद्रों की संख्या घट या बढ़ भी सकती है. बीते दिनों बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने अन्य अधिकारियों के साथ पीसी कर इस संबंध में जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था कि राज्य में लगभाग 83.46 लाख बच्चों को वैक्सीन लगाई जानी है. साल 2007 के पहले जन्म लेने वाले सभी बच्चों को वैक्सीन दी जाएगी.
बच्चों को केवल कोवैक्सीन ही लगेगी
उन्होंने बताया था कि बिहार में सभी बच्चों को केवल कोवैक्सीन ही लगेगी. इसके अलावा उन्हें अन्य कोई वैक्सीन नहीं दी जाएगी. राज्य के पास अभी 14 लाख कोवैक्सीन के डोज हैं. वहीं, पहले डोज के 28 दिन बाद दूसरा डोज दिया जाएगा.
रिपोर्ट : शक्ति

















