पाकुड़: पाकुड़ में अवैध खनन और बिना चालान के खनिज परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से पाकुड़ की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने मंगलवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत काशिला खनन चेकपोस्ट एवं कुसमा फाटक खनन चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने वहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना वैध माइनिंग चालान के एक भी खनिज लदा वाहन चेकपोस्ट से नहीं गुजरना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस आदेश का उल्लंघन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी निधि द्विवेदी ने यह भी कहा कि अवैध खनन से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान होता है, जिसे रोकना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। चेकपोस्ट पर हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच की जाए और संदेह होने पर तुरंत वरीय अधिकारियों को सूचित किया जाए।
एसपी के इस औचक निरीक्षण से खनन माफियाओं में हड़कंप है, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अमले को अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की सख्त हिदायत मिली है।


