धनबाद: धनबाद जिले के झरिया अनुमंडल के तीसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जयरामपुर मोड़ पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध विदेशी शराब और बीयर के जखीरे का पर्दाफाश किया है। देर रात की गई इस छापेमारी में पुलिस ने एक आवास से लगभग 200 बोतल नकली विदेशी शराब और बीयर जब्त की है।
पुलिस की अचानक कार्रवाई से इलाके के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि विदेशी शराब दुकानों के बंद होने के बाद नकली शराब का कारोबार तेजी से बढ़ गया था, जिसे अब पुलिस ने बेनकाब कर दिया है।
छापेमारी के दौरान शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली शराब जब्त कर उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
सूत्रों के अनुसार, यह शराब स्थानीय बाजारों में ऊंचे दामों पर बेची जानी थी, जो शराब के शौकीनों के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी। फिलहाल पुलिस फरार तस्कर की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास कर रही है।



















