बक्सर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बक्सर जिला के राजपुर प्रखंड परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल से बक्सर जिला अंतर्गत प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित 603.32 करोड़ रुपए की लागत से 19 योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके अंतर्गत 181 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध (किलोमीटर 0.00 से 51.72) का सुदृढ़ीकरण, कालीकरण तथा सुरक्षात्मक कार्य, 51 करोड़ 98 लाख रुपए की लागत से भोजपुर-सिमरी पथ के 0.00 से 9.30 किलोमीटर तक चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, 41 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत से बक्सर गोलंबर से ज्योति चौक पथ भाया बस स्टैंड का चौड़ीकरण, 36 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से बड़ी मस्जिद से सेंट्रल जेल तक के पथ का चौड़ीकरण, 13 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां संगीत कॉलेज, 98.25 करोड़ रुपए लागत की दो लेन धनसोई बाईपास पथ (किलोमीटर 0 से 4.50) के निर्माण कार्य एवं 32 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से स्वास्थ्य केंद्र, भवन, बिजली एवं विकास संबंधी कुल 11 योजनाओं का शिलान्यास तथा 147 करोड़ रुपए की लागत से स्वास्थ्य केंद्र, भवन, बिजली एवं विकास संबंधी कुल 12 योजनाओं की उद्घाटन शामिल है।
पेंशनधारी लाभुकों, जीविका दीदियों एवं अन्य लाभुकों के साथ सीएम ने किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजपुर प्रखंड परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में उपस्थित पेंशनधारी लाभुकों, जीविका दीदियों एवं अन्य लाभुकों के साथ संवाद किया। वहां उपस्थित लोगों ने ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं की पेंशन राशि को 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दिया है। इससे हम सभी लोग खुश हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली फ्री करने से लोगों को बहुत फायदा हो रहा है। इससे बचत होनेवाली धनराशि का उपयोग अन्य विकास कार्यों में कर रहे हैं। जीविका दीदियों ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से बक्सर जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। महिलाओं के उत्थान तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जीविका दीदियों ने प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
जीविका दीदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी बुलंदी के साथ रहिए और आगे बढ़िए
ममता बहनों ने प्रोत्साहन राशि में दो गुणा बढ़ोतरी किये जाने पर तथा आशा कार्यकर्ताओं ने प्रोत्साहन राशि में तीन गुणा वृद्धि किये जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कलाकारों ने मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत तीन हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन की राशि दिए जाने तथा गृह रक्षकों ने दैनिक भत्ता में वृद्धि किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। जीविका दीदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी बुलंदी के साथ रहिए और आगे बढ़िए। सरकार आपलोगों की हरसंभव मदद कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर स्तर पर काम किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आप सभी जीविका दीदियां बहुत अच्छा काम कर रही हैं। इसी तरह आप काम करते रहिए और बिहार के विकास में अपना अहम योगदान दीजिए।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 1305 जीविका स्वयं सहायता समूह को पांच करोड़ 60 लाख 70 हजार रुपए का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना/बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत सात लाख 50 हजार रुपए का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना की चाभी, बासगीत पर्चा, मुख्यमंत्री संबल योजना अंतर्गत बैटरी चलित ट्राई साइकिल की चाभी लाभुकों को प्रदान किया।
CM के साथ डिप्टी सीएम, मत्री व अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के चेयरमैन शीर्षत कपिल अशोक, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी डॉ. विद्या नंद सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, लाभार्थीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
NDA कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज बक्सर जिला के राजपुर प्रखंड मुख्यालय में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यकर्ता संवाद में आप सब लोग उपस्थित हैं। मैं आपका अभिनंदन करता हूँ। विगत कई दिनों से जगह-जगह जाकर हम विकास कार्यों का जायजा ले रहे हैं। जो कमियां हैं उसे दूर करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। आज यहां प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और स्थल भ्रमण करने तथा आप सब से बातचीत करने का मौका मिला है। आप सभी अवगत हैं कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया, पहले बिहार की स्थिति काफी दयनीय थी। जब 24 नवंबर, 2005 को प्रदेश में एनडीए की सरकार बनी, तभी से हमलोग भाजपा-जदयू और एनडीए के सभी घटक दल साथ मिलकर बिहार के विकास में निरंतर लगे हुए हैं, राज्य में कानून का राज कायम है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है।
हमलोगों ने शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया है – CM
हमलोगों ने शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया है। राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। वर्ष 2020 में सात निश्चय योजना-2 के तहत युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देने का निश्चय किया गया था। अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी एवं 39 लाख युवाओं को रोजगार दे दिया गया है। विधानसभा चुनाव से पहले 50 लाख से अधिक नौकरी एवं रोजगार दे दिया जायेगा। अब हमलोगों ने तय कर दिया है कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी/रोजगार दिया जाएगा। बिहार का बजट लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2005-06 में एनडीए की सरकार बनने के समय राज्य का बजट मात्र 28 हजार करोड़ रुपये था, जिसे वर्ष 2006-07 में बढ़ाकर 34 हजार करोड़ रुपये किया गया। यह बजट लगातार बढ़ते-बढ़ते अब तीन लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक का हो गया है।
हाल ही में कुछ नए निर्णय लिये गये हैं, जो इस प्रकार है – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कुछ नये निर्णय लिये गये हैं। सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सभी वृद्धजनो, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है। इससे 1 करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है। पहले बिहार में बिजली की क्या स्थिति थी, यह आप सभी को पता है। राजधानी पटना में अधिकतम 8 घंटे ही बिजली की आपूर्ति हो पाती थी। हमलोगों ने बिजली सुधार की दिशा में काफी काम कराया। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गयी। सरकार द्वारा शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर बिजली दी जाती थी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार की तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर लगाये जायेंगे। इससे काफी फायदा मिलेगा। हाल ही में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नयी योजना ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की स्वीकृति दी गयी है जिसमें हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की राशि दी जायेगी। जिनका व्यापार ठीक ढंग आगे चलेगा उन्हें दो लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता राशि भी दी जायेगी। यह काम इसी सितम्बर माह से शुरू हो जायेगा।
बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है – नीतीश
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। जुलाई, 2024 के केंद्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गयी। फरवरी, 2025 के बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की भी घोषणा की गयी है। केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2018 से देश के कुछ राज्यों में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया गया। इस वर्ष ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ का आयोजन बिहार में हुआ, जो गौरव की बात है। इन सब कामों के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। हमलोगों ने जो विकास का काम कराया है उन्हें आप सभी याद रखिएगा। विकास का काम निरंतर आगे बढ़ रहा है। पार्टी के कुछ लोगों के कारण हम दो बार इधर से उधर चले गए लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब हमलोग एकजुट होकर बिहार को आगे बढ़ाने का काम करते रहेंगे। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने ही हमें मुख्यमंत्री बनाया था। उनकी सरकार में हम मंत्री थे।
मुख्यमंत्री ने कहा- बक्सर जिले में विकास के अनेक कार्य किए गए हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बक्सर जिले में विकास के अनेक कार्य किए गए हैं। यहां इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान, महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गई है। जीएनएम संस्थान एवं पैरामेडिकल संस्थान की स्थापना की भी गई है। बक्सर जिले में कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, अनुसूचित जाति आवासीय उच्च विद्यालय एवं एक अन्य पिछड़ा वर्ग आवासीय उच्च विद्यालय का निर्माण कराया गया है। डुमरांव में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना तथा वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय की स्थापना कराई गई है। बक्सर आरा फोरलेन पथ तथा बक्सर में गंगा नदी पर बने पुल के समानांतर फोरलेन पुल का निर्माण कराया गया है। कर्मनासा नदी पर पंप नहर, मलई बराज, चौसा पंप नहर का निर्माण कराया गया है। नहरों के विस्तारीकरण के लिए 39 चेक डैम का निर्माण कराया गया है। राजपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विकास के अनेक काम कराये जा चुके हैं। नोखा पथ में उच्चस्तरीय पुल का निर्माण, 392 ग्रामीण सड़कों का निर्माण, 4 पुलों का निर्माण कराया गया है। यहां 2 ग्रिड उपकेंद्र तथा 5 कृषि फीडर का भी निर्माण कराया जा चुका है। इसके अलावा आपकी जो भी जरूरतें होगीं उसे पूरा कराया जायेगा। वर्ष 2024 के दिसंबर माह तथा 2025 के जनवरी-फरवरी में हमने प्रगति यात्रा के दौरान यहां आकर विकास कार्यों को देखा था। जिसको लेकर 10 योजनाएं स्वीकृत की गई है। इनमें 3 पथों का चौड़ीकरण, धनसोई बाईपास का निर्माण, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण, संगीत महाविद्यालय की स्थापना आदि विकास का काम कराया जा रहा है।
हमने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है – नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है। चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो सभी के लिए काम किया गया है। मुस्लिम समुदाय को आगे बढ़ाने के लिए भी हमने काफी काम किया है। पहले मदरसा शिक्षकों को पैसा नहीं मिलता था। हमारी सरकार बनने के बाद मदरसों को सरकारी मान्यता दी गई और उनके शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के समान वेतन दिया जा रहा है। वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की गई है। अब कहीं कोई हिंदू-मुस्लिम का विवाद नहीं होता है। वर्ष 2016 से 60 वर्ष से पुराने हिन्दू मंदिरों की घेराबंदी की जा रही है। बिहार का तेजी से विकास हो रहा है, आगे और ज्यादा काम होगा। मेरा सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वे घर-घर जाकर बिहार के विकास के बारे में लोगों को बतायें। कुछ ही दिनों बाद चुनाव होने वाला है। विकास का काम हमलोगों ने ही कराया है। इसे जरूर याद रखिएगा और लोगों को बताइयेगा कि 20 साल पहले बिहार की स्थिति कितनी दयनीय थी।
यह भी देखें :
आजकल कांग्रेस वाले अनाप-शनाप बोलते रहते हैं – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी सक्रियता से काम करते रहिए और लोगों से मुलाकात कर विगत 20 वर्षों में प्रदेश में कराए गए विकास कार्यों से अवगत कराएं। आजकल कांग्रेस वाले अनाप-शनाप बोलते रहते हैं। बिहार की तरक्की के लिए कभी उन्होंने काम नहीं किया। केंद्र सरकार का काफी सहयोग मिल रहा है। हम लोगों के प्रयास से बिहार काफी आगे बढ़ेगा। संवाद कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और पूर्व मंत्री संतोष निराला ने भी संबोधित किया।
CM के साथ डिप्टी सीएम, मंत्री व NDA के नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, जदयू के प्रदेश प्रवक्ता अंजूम आरा, जदयू जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भूवन, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा सेकुलर के जिलाध्यक्ष बलिराम कुशवाहा, पंचायत प्रतिनिधिगण, नेतागण एवं बड़ी संख्या में एनडीए के कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने पटना जिला के पुनपुन में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित 17 योजनाओं का किया शिलान्यास…
धीरज कुमार की रिपोर्ट
Highlights