मोतिहारी : मोतिहारी जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संभावित लूट की वारदात को समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भटहां गांव में छापेमारी की, जहां से नितेश कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने इसकी जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपी फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को अपना शिकार बनाता था और ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था – पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को अपना शिकार बनाता था और ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। छापेमारी के दौरान उसके घर से पुलिस की वर्दी (दो स्टार लगी), टोपी, चाकू और टॉर्च बरामद की गई, जो उसकी आपराधिक गतिविधियों की पुष्टि करते हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के बारे में भी खुलासा किया है। उसके बयान के आधार पर दो अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

नितेश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है – पुलिस
पुलिस ने यह भी बताया कि नितेश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में पटना में 35 लाख रुपये की ठगी की घटना में भी शामिल रह चुका है। इससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी संगठित तरीके से अपराध को अंजाम देता था। फिलहाल, आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में मोतिहारी भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


यह भी पढ़े : अपहरण कांड का खुलासा, 4 नाबालिग बच्चियां की सकुशल बरामदगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सोहराब आलम की रिपोर्ट
Highlights







