रामगढ़ : गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान अनियंत्रित स्कॉर्पियो भीड़ में घुस गई। विसर्जन में शामिल लगभग एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में रामगढ़ थाने के एएसआई उपेंद्र सिंह भी घायल हो गए। सभी घायलों को होप और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के झंडा चौक की है।
घटना के बाद तेज रफ्तार स्कार्पियो फरार हो गया। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल, द होप अस्पताल रांची रोड व कई निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद लोगों ने गोला रोड जाम कर दिया। रामगढ़ थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशितों को शांत कराया। लोग स्कार्पियो को जब्त करने की मांग कर रहे थे। घटना के बाद झंडा चौक मोड़ पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि स्थानीय गोला रोड, बाजार टांड़ में रामगढ़ युवा संघ द्वारा मूर्ति स्थापित की गई थी। विसर्जन के लिए गाजे-बाजे के साथ युवक बिजुलिया तालाब लेकर जा रहे थे। जैसे गोला रोड तालाब के पास पहुंचे, चट्टी बाजार की ओर से आ रही स्कार्पियों जुलूस में घुसी और सीधे झंडा चौक होते हुए फरार हो गई।


















