रांची: राजधानी रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अनुमंडल पदाधिकारी, सदर रांची के नेतृत्व में ओरमांझी थाना क्षेत्र से एक टेम्पू वाहन में लाई जा रही अवैध नकली पनीर की बड़ी खेप जब्त की गई। यह पनीर बिना किसी मानक के तैयार किया गया था और स्थानीय बाजार में खपाने की तैयारी थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग को जैसे ही इसकी सूचना मिली, वैसे ही खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, रांची के निर्देशन में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका और पनीर को जब्त किया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जब्त पनीर की गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तर की थी और यह खाद्य मानकों पर खरा नहीं उतरता।
खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग ने कहा है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी तुरंत प्रशासन या विभाग को दें, ताकि आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।


















