Bihar National Highway Projects: बिहार की NH परियोजनाओं की हाईलेवल समीक्षा, DPR में देरी पर कंसल्टेंट को कड़ी चेतावनी

Bihar National Highway Projects: बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी DPR की प्रगति को लेकर पथ निर्माण विभाग ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की DPR मंजूरी, अलाइनमेंट, भूमि अधिग्रहण, वन एवं पर्यावरण मंजूरी, यूटिलिटी शिफ्टिंग और रेलवे ओवर ब्रिज से जुड़े NOC की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। सचिव ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। वहीं DPR निर्माण और संबंधित कार्यों में शिथिलता बरतने वाले कंसल्टेंट को कड़ी चेतावनी दी गई।

विक्रमशिला एप्रोच रोड से राम जानकी मार्ग तक परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में प्रस्तुतीकरण के जरिए विक्रमशिला एप्रोच रोड, राम जानकी मार्ग, कमला नदी पुल एवं जयनगर बाईपास, सिंहेश्वर बाईपास, अरवल-बिहार शरीफ सड़क परियोजना, डुमराव बाईपास सहित कई रेलवे ओवर ब्रिज की DPR की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी गई। विक्रमशिला एप्रोच रोड (NH-131B) की लंबाई 13 किलोमीटर है और इसकी लागत ₹698 करोड़ है। इसका फाइनल DPR RO, MoRTH को भेजा जा चुका है। वहीं अरवल से बिहारशरीफ (NH-33) परियोजना की लंबाई 89 किलोमीटर और अनुमानित लागत ₹3,844.69 करोड़ है। मसरख-चकिया-भिट्ठामोड़ राम जानकी मार्ग (NH-227 एवं NH-227A) की लंबाई 146 किलोमीटर है। इसकी अनुमानित लागत ₹8,671.80 करोड़ बताई गई है। इसके पैकेज-I और II का ड्राफ्ट DPR RO, MoRTH को भेजा गया है।

कमला नदी पुल, जयनगर और अन्य NH परियोजनाओं पर अपडेट

कमला नदी पुल एवं जयनगर बाईपास (NH-227) के तहत उत्तर और दक्षिण जयनगर बाईपास क्रमशः 9.8 किलोमीटर और 11.6 किलोमीटर लंबे होंगे। कमला नदी पर 4-लेन पुल के निर्माण सहित इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत ₹1,239.48 करोड़ है। इसका DPR MoRTH को भेजा गया है। नौबतपुर से हरिहरगंज 4-लेनिंग (NH-139) परियोजना में नौबतपुर बाईपास, कांपा री-अलाइनमेंट, ओबरा बाईपास और औरंगाबाद-अंबा बाईपास शामिल हैं। 137.16 किलोमीटर लंबे इस खंड की अनुमानित लागत ₹3,656.50 करोड़ है। इसके अलावा फोरलेन बेतिया बाईपास (NH-727) की लंबाई 37 किलोमीटर और अनुमानित लागत करीब ₹1,717.83 करोड़ है। बरियारपुर से बिशनपुर (NH-333) परियोजना 141 किलोमीटर लंबी है और इसकी लागत ₹3,400 करोड़ बताई गई है। इसका संशोधित अलाइनमेंट प्रक्रियाधीन है, जबकि ड्रोन सर्वे रिपोर्ट जमा कर दी गई है।

Bihar National Highway Projects 2

समस्तीपुर और सिंहेश्वर बाईपास की भी हुई समीक्षा

समस्तीपुर 4-लेन बाईपास (NH-322) की लंबाई 11 किलोमीटर है और इसकी अनुमानित लागत ₹498.25 करोड़ है। बैठक में इसका संशोधित अलाइनमेंट प्रस्तुत किया गया। वहीं सिंघेश्वर बाईपास (NH-131) 11.27 किलोमीटर लंबा है और इसकी लागत ₹45.60 करोड़ है। इसका ड्राफ्ट DPR भेजा जा चुका है। समीक्षा बैठक में विभाग के अधिकारियों के साथ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय पदाधिकारी, NH के पदाधिकारी और कंसल्टेंट के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Bihar National Highway Projects 1

DPR में देरी पर कड़ी नाराजगी, रोजाना समीक्षा के निर्देश

बैठक के दौरान कंसल्टेंट द्वारा DPR निर्माण और संबंधित कार्यों में शिथिलता बरते जाने पर सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि कंसल्टेंट से प्राथमिकता के आधार पर काम लिया जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित फाइनल DPR उपलब्ध कराया जाए। लापरवाही बरतने वाले कंसल्टेंट को नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बिजली और अन्य यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय करने को कहा गया। सचिव ने बताया कि रेलवे से जुड़े लंबित मामलों और समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही GM स्तर पर बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अप्रूव्ड अलाइनमेंट वाली परियोजनाओं के DPR को तत्काल अंतिम रूप देकर निर्धारित समय-सीमा में संबंधित कार्यालयों को भेजा जाए। MoRTH को भेजे गए अलाइनमेंट पर त्वरित फॉलो-अप और लंबित कम्प्लायंस व ऑब्जर्वेशंस को तय समय में पूरा करने का भी निर्देश दिया गया। सचिव पंकज कुमार पाल ने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी, यातायात की सुगमता और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।

यह भी पढ़ें: Bihar Durga Puja Security: पूजा पंडाल से विसर्जन जुलूस तक कड़ी निगरानी, बिहार में DJ पूरी तरह बैन; जानें नए नियम

Paddy Procurement Bihar: धान खरीद से पहले बिहार सरकार का बड़ा...

Paddy Procurement Bihar: सहकारिता मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने 5 अक्टूबर 2026 को दरभंगा एवं सारण प्रमंडलों की विभागीय योजनाओं की समीक्षा की।...

Bihar District Hospital Services: बिहार के जिला अस्पतालों में बदलेगी व्यवस्था,...

Bihar District Hospital Services: बिहार के जिला अस्पतालों में मरीजों को सुलभ, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने...

Bihar Durga Puja Security: पूजा पंडाल से विसर्जन जुलूस तक कड़ी...

Bihar Durga Puja Security: आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को देखते हुए बिहार में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने तैयारियां...