रांची : IT Raid- बेरमो से कांग्रेस विधायक अनूप सिंह और गोड्डा विधायक
प्रदीप यादव के कई ठिकानों पर आईटी का छापेमारी चल रही है.
इस बीच बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि आयकर सर्वे को
सत्तारूढ़ गठबंधन बेवजह राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है.
पीएम मोदी के कार्यकाल में सभी जांच एजेंसी स्वतंत्र रूप से कार्य करती है.
उन्होंने कहा कि आयकर विभाग रिटर्न में गड़बड़ी के आधार पर ऐसे सर्वे हमेशा करती रही है.
लेकिन जिस तरीके से सत्तारूढ़ गठबंधन के द्वारा इस मुद्दे पर बयानबाजी की जा रही है,
उससे ऐसा लग रहा है कि दोनों विधायकों के पास छुपाने के लिए काफी कुछ है.
इन जगहों पर चल रही छापेमारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तीन राज्य के पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के आईटी टीम छापेमारी कर रही है. गोड्डा में 3 ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापा मारा है. बताया जाता है कि विधायक प्रदीप यादव के करीबी स्काई ब्लू होटल में भी छापेमारी हुई है. वहीं बेरमो में कांग्रेस विधायक अनूप सिंह के ठिकानों पर 25 अधिकारियों की टीम छापेमारी कर रही है. सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ को तैनात किया गया है.
9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
छापेमारी शुक्रवार की सुबह से की जा रही है. जानकारी के मुताबिक आईटी की टीम गोड्डा, रांची के कांके रोड और डोरंडा स्थित घरों पर पहुंचकर छापेमारी कर रही है. बता दें कि पौड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, बेरमो विधायक अनूप सिंह और शिवशंकर यादव के घरों पर छापेमारी की जा रही है. आईटी की टीम रांची, बेरमो और गोड्डा में कुल 9 जगहों पर एक साथ छापेमारी कर रही है. बताया जाता है कि प्रदीप यादव के पंचवटी (कांके रोड) स्थित पर छापेमारी हो रही है.
कैश कांड प्रकरण में चर्चा में रहे थे अनूप सिंह
बता दें कि बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह का नाम कांग्रेस विधायकों के हालिया कैश कांड में सामने आया था. दरअसल, कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगाड़ी के हावड़ा में 49 लाख रुपये कैश के साथ पकड़े जाने के बाद अनूप सिंह ने रांची के अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी. अनूप सिंह ने आरोप लगाया था कि डॉ. इरफान अंसारी ने उन्हें बीजेपी के सहयोग से सरकार गिराने में मदद करने के एवज में 10 करोड़ रुपये कैश और मंत्रीपद का ऑफर दिया था. मामले में कोलकाता पुलिस ने अनूप सिंह से भी पूछताछ की थी.
कुछ बिल्डरों के यहां भी आईटी ने मारा छापा
खबरें ये भी है कि आईटी ने कुछ बिल्डरों के यहां भी छापा मारा है. हालांकि, अभी इस बारे में विस्तृत जानकारी बाहर नहीं आई है. बता दें कि मंगलवार को देर रात ईडी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को समन जारी किया था. सीएम हेमंत को 3 नवंबर को पूछताछ के लिए रांची स्थित ईडी के जोनल ऑफिस में बुलाया गया था लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्तता का हवाला देकर सीएम हाजिर नहीं हुए. उन्होंने पत्र लिखकर 3 हफ्ते का वक्त मांगा. ईडी द्वारा सीएम हेमंत सोरेन को समन जारी किए जाने पर झारखंड में सियासी हलचल तेज हो गई है. सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजियां हो रही है. आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया था.
रिपोर्ट: मदन सिंह
Highlights

















