रांची: झारखंड की राजधानी रांची के पिस्का मोड़ चौक पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांके में अनिल टाइगर की हत्या के खिलाफ किया गया, जिसके तहत भाजपा ने रांची बंद का आह्वान किया था। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर बैठे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बीते दिन रिम्स में भाजपा नेताओं ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया था, जिसके बाद आज पिस्का मोड़ चौक पर व्यापक प्रदर्शन किया गया। संजय सेठ ने सरकार पर अपराधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अपने मूल कर्तव्यों की अनदेखी कर अन्य कार्यों में लगी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें रांची विधायक सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायसवाल शामिल थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
फिलहाल, पिस्का मोड़ चौक पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।