रांची:झारखंड सरकार द्वारा जारी की गई JTET (झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा) की क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं की सूची को लेकर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक अमित मंडल ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर क्षेत्रीय पहचान और भाषाई विविधता के प्रति असंवेदनशीलता का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी सूची बिना किसी ठोस शोध और जनसंख्या के विश्लेषण के तैयार की गई है, जिससे झारखंड की भाषाई अस्मिता को ठेस पहुंची है। उन्होंने यह भी कहा कि गोड्डा और देवघर जैसे जिलों में बहुसंख्यक अंगिका भाषियों को सूची से बाहर कर देना सरासर अन्याय है।
राजनीतिक और सांस्कृतिक मुद्दा दोनों
अमित मंडल ने प्रेस वार्ता को दो प्रमुख हिस्सों में बांटा – राजनीतिक और सांस्कृतिक। उन्होंने कहा, “सरकार खुद को अबुआ सरकार कहती है, लेकिन यह अबुआ नहीं बबुआ सरकार है। इसने न सिर्फ युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, बल्कि क्षेत्रीय भाषाओं की गरिमा को भी नजरअंदाज किया है।”
अंगिका, भोजपुरी और मुंडारी को लेकर उठे सवाल
उन्होंने खास तौर पर अंगिका, भोजपुरी, मुंडारी और नागपुरी भाषाओं को सूची में स्थान न मिलने या गलत तरीके से स्थान दिए जाने पर सवाल उठाए। “गोड्डा और देवघर में अंगिका सबसे अधिक बोली जाती है, फिर भी इसे नकारा गया। पलामू और गढ़वा में भोजपुरी का बहुमत है, फिर भी इसे दरकिनार कर दिया गया। खूंटी जैसे इलाकों से मुंडारी को हटा देना क्षेत्रीय पहचान के खिलाफ है,” उन्होंने कहा।
पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर द्वारा भोजपुरी को जोड़ने की मांग पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखे जाने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जानबूझकर कुछ भाषाओं को थोपने की कोशिश कर रही है।
“JBKSS की चुप्पी संदेहास्पद”
प्रेस वार्ता में अमित मंडल ने JBKSS की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि, “अगर JBKSS वाकई भाषा की लड़ाई लड़ने वाला संगठन है, तो वह अब क्यों चुप है? क्या वह सिर्फ महागठबंधन को फायदा पहुंचाने के लिए बना है?”
आदिवासी भाषाओं और उर्दू को लेकर टिप्पणी
अमित मंडल ने कहा कि उर्दू को तो सुरक्षित भाषा के रूप में सूची में रखा गया है, लेकिन आदिम जनजातीय भाषाओं के संरक्षण पर सरकार की चुप्पी दिखाती है कि उनकी प्राथमिकता में आदिवासी समाज नहीं है।
भाजपा का स्टैंड स्पष्ट
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी किसी भी भाषा का विरोध नहीं करती, लेकिन हर क्षेत्र की बहुसंख्यक भाषा को उचित स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति और सभ्यता की पहचान है। “भाजपा युवाओं के हक की लड़ाई लड़ रही है। नियुक्ति नियमावली में छेड़छाड़ और कोर्ट का बहाना बना कर नियुक्ति से बचने की सरकार की मंशा अब उजागर हो चुकी है।”
Highlights


















