भाजपा ने जारी किया 24 राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी का नाम, जानें किन्हें मिली कहां की जिम्मेदारी

Desk. भाजपा ने आज 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बीजेपी का प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी को नियुक्त किया है। इसमें चुनावी राज्य हरियाणा और झारखंड के साथ केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर भी शामिल है। इसको लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नाम से अधिसूचना जारी की गयी है।

भाजपा ने जारी किया प्रभारी और सह प्रभारी का नाम

इसमें राजस्थान इकाई के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया को हरियाणा का प्रभारी और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। झारखंड में पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी को राज्य का प्रभार सौंपा गया है। जम्मू-कश्मीर में भाजपा ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को अपना प्रभारी और आशीष सूद को सह-प्रभारी बनाए रखा है। यहां सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार सितंबर तक चुनाव होने हैं।

जेपी नड्डा को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद पार्टी नए अध्यक्ष या कार्यकारी अध्यक्ष पर अभी तक कोई जानकारी नहीं आई है। अपने उत्तराधिकारी की नियुक्ति होने तक नड्डा भाजपा के अध्यक्ष बने रहेंगे। वहीं सांसद अजीत गोपचड़े को मणिपुर का प्रभार सौंपा गया है, जहां कुकी और मैती समुदायों के बीच हिंसा पार्टी के लिए चिंता का विषय बनकर उभरी है। सरकार के प्रयासों के बावजूद राज्य में हिंसा एक साल से अधिक समय से जारी है।

वहीं ओडिशा के पुरी निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद संबित पात्रा को पूर्वोत्तर राज्यों के समन्वयक और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन को संयुक्त समन्वयक के रूप में बरकरार रखा गया है। केरल से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले अनिल एंथोनी को नागालैंड और मेघालय का प्रभारी बनाया गया है।

वहीं बिहार में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश प्रदेश भाजपा की जिम्मेदारी संभाले रखेंगे। बिहार में 2025 में चुनाव होंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर केरल में राज्य प्रभारी और ओडिशा सांसद अपराजिता सारंगी सह-प्रभारी बने रहेंगे। वहीं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पंजाब का प्रभार दिया गया है और पंजाब के विधायक नरेंद्र सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।

यूपी के पूर्व मंत्री श्रीकांत को हिमाचल प्रदेश का प्रभार सौंपा गया है और विधायक संजय टंडन सह प्रभारी हैं। अंडमान और निकोबार के लिए रघुनाथ कुलकर्णी को प्रभारी नियुक्त किया गया है और असम के विधायक अशोक सिंह को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बिहार के विधायक नितिन नबीन छत्तीसगढ़ के प्रभारी होंगे और राष्ट्रीय महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल को कर्नाटक का प्रभारी और सांसद सुधाकर रेड्डी को कर्नाटक का सह प्रभारी बनाया गया है।

वहीं विजय पाल तोमर को ओडिशा का प्रभार दिया गया है और लता उसेंडी को सह प्रभारी बनाया गया है। वहीं निर्मल कुमार सुराना को पुडुचेरी का प्रभारी बरकरार रखा गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उत्तराखंड के प्रभारी बने रहेंगे और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है।