वैशाली : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान वैशाली जिले को बड़ी सौगात दी। सीएम ने 152 करोड़ रुपए की लागत से 128 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया वैशाली जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। जायजा के क्रम में मुख्यमंत्री ने वैशाली जिला अंतर्गत महुआ प्रखंड स्थित वाया नदी योजना स्थल पर वाया नदी में गाद उड़ाही कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को वाया नदी के गाद उड़ाही कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी दी
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को वाया नदी के गाद उड़ाही कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बरैला झील में पानी लाने एवं अधिक जलस्तर होने पर जलनिकासी किए जाने से संबंधित कार्य, मुख्यमंत्री सात निश्चय-3 के तहत वैशाली जिला (जंदाहा, राजापाकड़ एवं महुआ) में नए औद्योगिक क्षेत्र प्रस्तावित करने हेतु चिन्हित की गई 1243.45 एकड़ भूमि, बिहार के पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा महुआ प्रखंड में स्थापित किए जा रहे ग्रिड उपकेंद्र सहित अन्य विकासात्मक योजनाओं के प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।

वाया नदी पूर्वी चंपारण जिला के केसरिया प्रखंड अंतर्गत मुंडमाल ग्राम के पास राघवा नदी और मेघुला (सम्होती) नदी के संगम स्थल से निकलती है
वाया नदी पूर्वी चंपारण जिला के केसरिया प्रखंड अंतर्गत मुंडमाल ग्राम के पास राघवा नदी और मेघुला (सम्होती) नदी के संगम स्थल से निकलती है। यह एक बरसाती नदी है जिसकी कुल लंबाई 212.80 किलोमीटर है। यह नदी पूर्वी चम्पारण जिला से निकलकर मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर जिला होते हुए बेगूसराय जिला अंतर्गत तेघड़ा प्रखण्ड के चकिया ग्राम के नजदीक गंगा नदी में मिल जाती है। वाया नदी वैशाली जिलान्तर्गत कुल आठ प्रखंडों यथा वैशाली, पटेढ़ी बेलसर, भगवानपुर, गोरौल, महुआ, जंदाहा, सहदेई बुजुर्ग एवं महनार से होकर गुजरती है। वैशाली जिला अन्तर्गत इसकी कुल लम्बाई 93.116 किलोमीटर है। वाया नदी वैशाली जिला के जल निकासी का मुख्य स्रोत है। वैशाली जिला अंतर्गत वाया नदी की तल की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे जलश्राव में बढ़ोतरी, बाढ़ के खतरे में कमी तथा नदी के जलीय प्रवाह प्रदर्शन में सुधार होगा।

बरैला वेटलैंड उत्तर बिहार के वैशाली जिला अंतर्गत बरैला गांव के पास स्थित है
बरैला वेटलैंड उत्तर बिहार के वैशाली जिला अंतर्गत बरैला गांव के पास स्थित है। बरैला झील की सीमा आठ गांव से घिरी हुई है। प्रस्तावित कार्य अंतर्गत जंदाहा वितरणी के छह किलोमीटर बिन्दु से 7.12 किलोमीटर लम्बाई में चैनल का निर्माण कर बरैला झील में जल का संचयन एवं अधिक जलस्तर होने पर आउटलेट के माध्यम से नून नदी में जल की निकासी का प्रावधान है। बरैला वेटलैंड का पारिस्थितिक रूप से बहुत महत्व है। यह स्थानीय समुदायों को इकोसिस्टम सेवाएं यथा बाढ़ नियंत्रण, भू-जल रिचार्ज, मछली पालन आदि की सुलभता के साथ-साथ सौंदर्य संबंधी मूल्य भी प्रदान करता है। बिहार सरकार द्वारा बरैला झील को सलीम अली जुब्बा सहनी पक्षी अभयारण्य के रूप में अधिसूचित किया गया है। बरैला वेटलैंड को विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है क्योंकि यह प्रवासी जल पक्षियों के लिए एक महत्वपूर्ण आश्रय स्थल है। यह संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण मछली, उभयचर, सरीसृप, पक्षियों और स्तनधारियों की कई प्रजातियों को आश्रय स्थल प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, महुआ का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, महुआ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी रजिस्ट्रेशन, आईसीयू, मरीज वार्ड, दवा वितरण केंद्र आदि में मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सकीय सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। बाल हृदय योजना से लाभान्वित बच्चों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना से लाभान्वित बच्चियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपके द्वारा शुरू की गई इस योजना से हम सभी को कैंसर से मुक्ति मिली है। इसके लिए हम सभी आपके आभारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा- काफी अच्छे ढंग से चिकित्सा व्यवस्था यहां सुनिश्चित की गई है
मुख्यमंत्री ने कहा कि काफी अच्छे ढंग से चिकित्सा व्यवस्था यहां सुनिश्चित की गई है, इसका फायदा स्थानीय लोगों को मिलेगा। यहां इलाज कराने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, महुआ के प्रागंण में स्थानीय स्टार्टअप एवं इनोवेशन से संबंधित लगाए गए स्टॉल का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 5314 स्वयं सहायता समूह को एक अरब एक करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि हम सभी महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आपने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकारी नौकरियों, पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय के चुनाव में आरक्षण देने सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। हम सभी इसके लिए आपके आभारी हैं।

नीतीश कुमार ने पानापुर बाबा बटेश्वरनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पानापुर बाबा बटेश्वरनाथ धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर वैशाली जिले के लिए 54 करोड़ रुपए की 25 योजनाओं का शिलान्यास एवं 98 करोड़ रुपए की 103 योजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने पानापुर बाबा बटेश्वरनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया गया।

मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान पानापुर बटेश्वरनाथ धाम परिसर में वैशाली जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान पानापुर बटेश्वरनाथ धाम परिसर में वैशाली जिले में चल रही विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के प्रमुख उद्देश्यों में एक उद्देश्य मजबूत आधार-आधुनिक विस्तार है। इसके तहत राज्य में शहरी क्षेत्रों का विस्तार एवं नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। साथ ही, राज्य में नए आधुनिक नियोजित शहरों का विकास किया जा रहा है। शहरों में सुलभ संपर्कता के लिए पांच नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण और ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके अतिरिक्त बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण एवं सभी इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

राज्य के पर्यटन स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में स्थापित किया जा रहा है – नीतीश कुमार
राज्य के पर्यटन स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में स्थापित किया जा रहा है। पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले सर्किट में सभी प्रकार की पर्यटकीय सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही इको टूरिज्म के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण के साथ ही राज्य के सभी जिलों में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जा रही है। राज्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का लगातार आयोजन कराया जा रहा है। साथ ही प्रगति यात्रा से संबंधित 430 स्वीकृत योजनाओं और सात निश्चय-2 के बचे कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली
इस क्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान वैशाली जिले की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा- प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है, इसे लेकर कई योजनायें चलायी जा रही हैं।
हमारी सरकार ने अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है – CM नीतीश
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति बनाई गई है ताकि युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें। हमारे राज्य के युवा दक्ष और सक्षम हों इसके लिए हमलोग कार्य कर रहे हैं।
यह भी देखें :
‘हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है। इसे लेकर हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। हमलोग राज्य के सभी नागरिकों की सुविधाओं का ख्याल रख रहे हैं। उनके जीवन को आसान बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को क्रियान्वित करें ताकि बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके।
CM नीतीश के साथ दोनों डिप्टी सीएम, कई मंत्री के अलावा कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा सह जिला के प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।
Highlights


