जमुई: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व दिग्विजय सिंह की 15वीं पुण्य तिथि के अवसर पर जमुई जिला के गिद्धौर के नया गांव में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुये। मुख्यमंत्री ने स्व दिग्विजय सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप कुमार जायसवाल, स्व दिग्विजय सिंह की धर्मपत्नी एवं पूर्व सांसद पुतुल सिंह, स्व दिग्विजय सिंह की पुत्री एवं विधायक श्रेयषी सिंह, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें – बाबा साहेब को लेकर पार्टी ने करवा लिया है इस बात का पेटेंट, लोजपा(रा) ने कहा ‘चिराग पासवान…’
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दिवंगत दिग्विजय सिंह का जीवन, विचार और देश हित में किया गया कार्य आज भी प्रेरक है। उन्होंने उनके आदर्श पर चलने और उसे जीवन में उतारने का आह्वान किया। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिंहा ने कहा कि दिग्विजय सिंह केवल व्यक्ति नहीं अपितु एक विचार भी थे। एक ऐसा विचार जिसने जमुई के साथ बिहार और देश को तरक्की की राह पर दौड़ाने का काम किया। वे वैचारिक दृढ़ता, साहस और राष्ट्र निष्ठा के पर्याय थे।
उन्होंने अपने आदर्श और विचार से कभी भी समझौता नहीं किया। उनका “राष्ट्र सर्वोपरि” का मंत्र जग जाहिर है। हर इंसान को इसे आत्मसात करना चाहिए। दिवंगत दिग्विजय सिंह के अधूरे सपनों को साकार करके ही हम उन्हें सच्ची भावांजलि दे सकते हैं। दिवंगत दिग्विजय सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद कई ओहदेदारों ने उनके व्यक्तिव और कृतित्व को परिभाषित किया और उन्हें महान राजनेता की संज्ञा दी। स्व दिग्विजय सिंह की धर्मपत्नी पुतुल देवी भी पूर्व सांसद हैं और उनकी सुता श्रेयसी सिंह वर्तमान में विधायक के पद पर हैं।
यह भी पढ़ें – भोजपुरी एक्टर पवन सिंह के घर में चोरी, चोरों ने उड़ाए रायफल की गोली और 15 लाख के जेवर
उधर मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन चौकस नजर आया। नयागांव में हेलीपैड से लेकर समाधि स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात दिखे। जिलाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल बारीकी से हर बिंदु पर नजर रख रहे थे।
https://www.youtube.com/@22scopestate/videos
यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव में सिर्फ वैध मतदाता ही डाल सकेंगे वोट, ECI करेगा गहन पुनरीक्षण
जमुई से ब्रह्मदेव यादव की रिपोर्ट