उलगुलान महारैली में मोदी सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेस अध्यक्ष, बोले- लोकतंत्र और संविधान खत्म हो गया तो…

उलगुलान महारैली

रांची. राजधानी रांची में आज इंडिया गठबंधन की उलगुलान महारैली हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे देर से पहुंचे। उन्होंने इसका कारण बताते हुए कहा कि राहुल गांधी के बीमार होने की वजह से मुझे मध्य प्रदेश के सतना में कांग्रेस की निर्धारित रैली में जाना पड़ा, इसलिए यहां आने में देर हुई। इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही उन्होंने बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, वीर बुधु भगत, सिदो-कान्हू जैसे महान नायकों को नमन किया।

उलगुलान महारैली में मोदी सरकार पर जमकर बरसे खड़गे

उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान खत्म हो गया, तो जनता के पास कुछ नहीं बचेगा। बाबासाहेब अंबेडकर जी और जवाहरलाल नेहरू जी ने सभी को वोटिंग का समान अधिकार दिलाया, जिससे सभी वर्गों को सम्मान मिला। लेकिन नरेंद्र मोदी गरीबों से उनके अधिकार छीनना चाहते हैं।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने हमारे दो मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके ऊपर दबाव था कि अगर आप INDIA गठबंधन से जुड़ेंगे तो आपको जेल में डाल दिया जाएगा। हेमंत सोरेन जी हिम्मत वाले हैं, उन्होंने कहा- ‘मुझे जेल जाना पसंद है, लेकिन गठबंधन नहीं छोड़ूंगा।’

Share with family and friends: