रांची: झारखंड में आम नागरिकों की सहूलियत के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ी योजना की शुरुआत की है। इसके तहत, सभी जिलों में एक ही कैंपस में महिला थाना, साइबर थाना, एसटी-एससी थाना और एएचटीयू थाना जैसे चार विशेष थानों को एक जगह पर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों में जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस योजना के तहत, एक बड़ी इमारत बनाई जाएगी, जिसमें इन चारों थानों को शिफ्ट किया जाएगा। इमारत में पांच से छह तल्ले होंगे, और हर तल पर एक विशेष थाना होगा। इसमें कार्यरत महिला कर्मियों के लिए उसी बिल्डिंग में बैरक भी होगी, जिसमें 15-20 कमरे बनाए जाएंगे।
राज्य पुलिस मुख्यालय ने योजना को मूर्त रूप देने के लिए शुक्रवार को सभी एसपी के साथ बैठक का आयोजन किया है। इस योजना से लोगों को मामला दर्ज कराने के लिए अलग-अलग थानों में भटकने की समस्या से राहत मिलेगी।
योजना की खास बातें:
- एक साथ चार थानों के लिए जिला मुख्यालयों में बनेगी बड़ी इमारत।
- पांच से छह तल्ले की बिल्डिंग बनाने की योजना।
- महिला, साइबर, एसटी-एससी और एएचटीयू थाने होंगे शिफ्ट।
- महिला कर्मियों के लिए 15-20 कमरे वाली बैरक।
- अलग-अलग इलाकों में चल रहे थानों को एक जगह समाहित किया जाएगा।
Highlights


















