Gopalganj Septic Tank Accident: सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस से चार मजदूरों की मौत, बचाने उतरे लोग भी हुए बेहोश

Gopalganj Septic Tank Accident: श्रीपुर थाना क्षेत्र के सवनही जगदीश गांव में नवनिर्मित मकान के सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टंकी के अंदर मौजूद मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गये, जिससे चार लोगों की मौत हो गयी। वहीं, उन्हें बचाने के लिए टंकी में उतरे दो अन्य लोग भी अचेत हो गये। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये।

सेंट्रिंग खोलने टंकी में उतरे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, सवनही जगदीश गांव में रेशमा खातून अपने बच्चों के साथ रहने के लिए मकान का निर्माण करा रही थीं। मकान के शौचालय की टंकी में पानी भरा था और उसकी सेंट्रिंग खोलने का काम चल रहा था। सेंट्रिंग खोलने के लिए सबसे पहले जावेद आलम उर्फ टीपू आलम और शब्बे आलम टंकी के अंदर गये। कुछ देर बाद दोनों जहरीली गैस की चपेट में आने लगे और अचेत होने लगे। उन्होंने मदद के लिए आवाज लगायी।

बचाने के लिए टंकी में उतरे लोग भी हुए बेहोश

मजदूरों की आवाज सुनकर पास में काम कर रहे मनीरूल हक ने शोर मचाया। इसके बाद बंटी बैठा और उमेश यादव बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के दोनों को बचाने के लिए टंकी के अंदर उतर गये। अंदर पहुंचते ही दोनों भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गये। इसके बाद सेराज खान ने भी उन्हें बचाने का प्रयास किया और टंकी में उतर गये। वह भी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गये। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया।

ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद टंकी के अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सेराज खान का इलाज जारी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गयी। गांव में भी मातम का माहौल है।

तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रीपुर, फुलवरिया और कुचायकोट थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया और स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हादसे में चार मजदूरों की गयी जान

हादसे में बंटी बैठा उर्फ राकेश बैठा, जावेद आलम उर्फ टीपू आलम, उमेश यादव और शब्बे आलम की मौत हुई है। सभी अलग-अलग गांव और थाना क्षेत्रों के रहने वाले थे। घटना में सवनही जगदीश निवासी सेराज खान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका इलाज कराया जा रहा है। सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से हुई इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

Patna Sweet Shop Raid: पटना में मिल्क केक और पेड़े पर...

Patna Sweet Shop Raid: त्योहारों के मौसम में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए बिहार के खाद्य संरक्षा विभाग...

ONGC Bokaro Health Camp: कोडरमा के गांधी उच्च विद्यालय में ONGC...

ONGC Bokaro Health Camp: सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ओएनजीसी (ONGC) बोकारो की एचएसई, चिकित्सा और सीएसआर टीम ने 12...

Bihar 12 Lakh Houses Scheme: बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली...

Bihar 12 Lakh Houses Scheme: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल में देश और...