गिरिडीहः जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र में पिकअव वाहन में लदे 102 मवेशियों को मुक्त कराया है। जानकारी के अनुसार दुलहाडीह मोड़ के पास से अहिल्यापुर थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ वाहन जांच के दौरान अवैध मवेशी तस्करों को पकड़ा है। इन पशुओं को तस्करी कर बिहार से बंगाल ले जाया जा रहा था।
बताया जाता है कि रविवार की रात करीब 2 बजे जिले के एसपी दीपक कुमार शर्मा को यह सूचना मिली कि बिहार से अलग-अलग 11 पिकअप वाहन पर क्रुरतापूर्वक मवेशियों को लादा गया है। वहीं इन मवेशियों को अहिल्यापुर के रास्ते ले जाया जा रहा है।
11 पिकअप वाहन जप्त
इस सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी कैलाश कुमार महतो, गांडेय इन्स्पेक्टर कमाल खान, अहिल्यापुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह वाहन जांच को निकले और सभी 11 पिकअप वाहन को पकड़ लिया। इस दौरान 6 वाहन चालक मौका देख फरार हो गए। जबकि 5 चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
इधर इस पूरे मामले में एसपी ने बताया कि अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि कल रात गुप्त सूचना प्राप्त हुई की अहिल्यापुर के रास्ते पशु तस्करों के द्वारा अवैध रूप से 11 वाहनों के मध्यम से पशु तस्करी की जा रही है।
दुधारू पशुओं की आड़ में स्लोट्रिंग
इसी सूचना के बाद अहिल्यापुर थाना प्रभारी को सूचना दी गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए इसमें सभी वाहनों को जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि पशु तस्करों द्वारा कुछ दुधारू पशुओं की आड़ में स्लोट्रिंग के लिए पशु ले जाए जा रहे थे
। जिन्हें जब्त किया गया है और वहीं क्रुरतापूर्वक ले जाए जा रहे पशुओं के ऊपर जख्म भी थे।
ये भी पढ़ें-बाइकर्स गैंग का तांडव, फायरिंग के बाद दहशत का माहौल
एसपी ने कहा कि अविलंब चिकित्सक से संपर्क कर उन पशुओं के इलाज की व्यवस्था कराई गई। वहीं उनके खाने पीने की भी व्यवस्था कराई गई है। एसपी ने कहा कि अबतक कुल चार माह के दौरान 793 पशुओं को मुक्त कराया जा चुका है।
जबकि 71 वाहन को जब्त किया गया है तो वहीं 70 अभियुक्त को जेल भेजा जा चुका है। वही जिले की पुलिस के द्वारा अवैध पशु तस्करों के खिलाफ़ कार्रवाई जारी रहेगी।

















