रामनगर : भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पटना के अधीन रामनगर में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) का उद्घाटन किया गया है। यह पहल दूरस्थ वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र और इसके आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए पासपोर्ट सेवाओं को अत्यंत सुलभ बनाएगी।
यह POPSK जो भारत में 454वां और बिहार में 38वां है
आपको बता दें कि यह पीओपीएसके जो भारत में 454वां और बिहार में 38वां है। रामनगर स्थित उप डाकघर में स्थापित किया गया है और इसका उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक, प्रभावी एवं पारदर्शी पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करना है। नागरिक यहां नए पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं, मौजूदा पासपोर्ट का नवीनीकरण करा सकते हैं व पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस पीओपीएसके में 45 पासपोर्ट और पांच पीसीसी अपॉइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध रहेंगे।

आवेदक इन सेवाओं का लाभ विदेश मंत्रालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं
आवेदक इन सेवाओं का लाभ विदेश मंत्रालय की वेबसाइट www.passportindia.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। वाल्मीकि नगर के सांसद सुनील कुमार और विदेश मंत्राल की सचिव (CPV एवं OIA) प्रिया रंगनाथन (IFS) ने इस पीओपीएसके का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक लौरिया विनय बिहारी, विधायक बगहा श्रीराम सिंह, विधायक राम नगर नंद किशोर राम, पोस्टमास्टर जनरल (उत्तरी क्षेत्र) पवन कुमार सिंह (IPoS), क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी पटना स्वधा रिजवी (IFS), डीआईजी चंपारण रेंज हरकिशोर राय, विदेश मंत्रालय (PSP) में ओएसडी कर्नल रितेश कुमार, विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट सेवा परियोजना प्रभाग में निदेशक डॉ. अर्जुन देओरे (IFS), उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पटना एवं भारतीय डाक के अधिकारी, तकनीकी भागीदार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के परियोजना प्रमुख तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।


POPSK पहल विदेश मंत्रालय एवं डाक विभाग के बीच एक संयुक्त प्रयास है
पीओपीएसके पहल विदेश मंत्रालय एवं डाक विभाग के बीच एक संयुक्त प्रयास है, जिसका उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को नागरिकों के निकट लाना है। वर्तमान में भारत में 37 पासपोर्ट कार्यालयों के अंतर्गत 454 POPSK और 93 पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) संचालित हैं। इस प्रकार देश भर में कुल 547 पासपोर्ट सेवा केंद्रों का सुदृढ़ नेटवर्क स्थापित हो चुका है।


बिहार के प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में एक पासपोर्ट केंद्र स्थापित करने के लक्ष्य को पूरा किया है
वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र में पीओपीएसके राम नगर के उद्घाटन के साथ, विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः प्रदर्शित किया है। बिहार के प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में एक पासपोर्ट केंद्र स्थापित करने के लक्ष्य को पूरा किया है। बिहार राज्य में पीओपीएसके राम नगर के साथ पासपोर्ट केंद्रों की कुल संख्या अब 40 हो गई है, जिससे राज्य के सभी 40 संसदीय क्षेत्रों में पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध हो गई हैं। यह विस्तृत नेटवर्क विशेष रूप से दूर दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा व ‘अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच’ की अवधारणा को साकार करेगा।

यह भी पढ़े : क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पटना द्वारा लंबित पासपोर्ट व PCC आवेदनों के निस्तारण हेतु पासपोर्ट अदालत का आयोजन
Highlights







