नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव ने शुक्रवार देर रात एक खतरनाक मोड़ ले लिया, जब पाकिस्तान ने भारत की ओर फतेह-1 बैलिस्टिक मिसाइल दागी। हालांकि भारत की मजबूत एयर डिफेंस प्रणाली ने इस हमले को हवा में ही नाकाम कर दिया। रक्षा सूत्रों के अनुसार, यह मिसाइल भारत के एक बेहद अहम रणनीतिक स्थान को निशाना बनाने के इरादे से दागी गई थी। लेकिन भारतीय वायुसेना और मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने मिसाइल को सीमा पार करते ही नेस्तनाबूद कर दिया।
सूत्रों का कहना है कि हमले की यह कोशिश पश्चिमी सेक्टर में की गई थी। पाकिस्तान द्वारा छेड़े गए इस दुस्साहसिक कदम के बाद भारतीय सेनाओं ने तगड़ा जवाबी एक्शन लिया है। सेना के मुताबिक, पाकिस्तान की तरफ से बीते 48 घंटों में छह बैलिस्टिक मिसाइलें और करीब 26 सशस्त्र ड्रोन भारतीय इलाकों की ओर भेजे गए, जिन्हें भारतीय सुरक्षाबलों ने समय रहते ध्वस्त कर दिया।
भारतीय सेना की रात भर चली कार्रवाई में जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन और शेलिंग को रोकने में सफलता मिली है। पाकिस्तान ने इन हमलों के जरिये भारतीय सैन्य ठिकानों के साथ-साथ घनी आबादी वाले नागरिक इलाकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रची थी। लेकिन भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने समन्वित अभियान चलाकर पाकिस्तानी हमलों को विफल कर दिया।
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने यह हमला भारतीय नियंत्रण रेखा पर हाल ही में हुई सैन्य कार्रवाइयों और आतंकी ठिकानों के ध्वंस के प्रतिशोध स्वरूप किया। लेकिन भारत ने संयम बनाए रखते हुए अपनी सैन्य ताकत का प्रयोग केवल हमलों को रोकने और जवाब देने तक सीमित रखा है। सैन्य सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के मेन एयरबेस पर भारतीय जवाबी कार्रवाइयों में भारी नुकसान की खबरें हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
इस घटना के मद्देनजर आज दिल्ली के साउथ ब्लॉक में सेना की आपातकालीन प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है, जिसमें इस पूरे घटनाक्रम पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी देश को स्थिति की जानकारी देंगे। रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि पाकिस्तान की यह हरकत न सिर्फ क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय नियमों का भी उल्लंघन है।
भारत सरकार ने देशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण में हैं। भारतीय वायुसेना के एयर डिफेंस सिस्टम की सफलता को देशभर में सराहा जा रहा है, जिसने फतेह-1 जैसे खतरनाक मिसाइल हमले को विफल कर देश को बड़े नुकसान से बचाया।


















