Jharkhand AG Change: राजीव रंजन ने दिया इस्तीफा, रोहितश्य रॉय बने झारखंड के नए महाधिवक्ता

 झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया। सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता रोहितश्य रॉय को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया।


Jharkhand AG Change रांची: झारखंड सरकार के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने रविवार सुबह करीब 10 बजे अपना त्यागपत्र मुख्य सचिव के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंपा। राज्य सरकार ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता रोहितश्य रॉय को झारखंड का नया महाधिवक्ता नियुक्त कर दिया है।

विधि विभाग की ओर से देर रात जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राजीव रंजन द्वारा 14 जून को दिए गए त्यागपत्र को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है। राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद रोहितश्य रॉय की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई।

Jharkhand AG Change: राजीव रंजन ने दिया इस्तीफा, रोहितश्य रॉय बने झारखंड के नए महाधिवक्ता
Jharkhand AG Change: राजीव रंजन ने दिया इस्तीफा, रोहितश्य रॉय बने झारखंड के नए महाधिवक्ता

Jharkhand AG Change:सुबह से देर रात तक चला घटनाक्रम

रविवार सुबह करीब 9 बजे मुख्य सचिव अविनाश कुमार रांची के अशोक नगर स्थित महाधिवक्ता राजीव रंजन के आवास पहुंचे। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक चर्चा हुई। इसके बाद राजीव रंजन ने मुख्यमंत्री के नाम अपना इस्तीफा मुख्य सचिव को सौंप दिया।

इस्तीफा मिलने के बाद राज्य सरकार ने नए महाधिवक्ता की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की। विधि विभाग ने रोहितश्य रॉय के नाम का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा। स्वीकृति मिलने के बाद देर रात उनकी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि रोहितश्य रॉय अपने पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक झारखंड राज्य के महाधिवक्ता के रूप में कार्य करेंगे तथा उच्च न्यायालय समेत विभिन्न न्यायिक मंचों पर राज्य सरकार का पक्ष रखेंगे।

Jharkhand AG Change:निजी कारणों से छोड़ा पद

इस्तीफा देने के बाद राजीव रंजन ने कहा कि उन्होंने निजी कारणों से पद छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अब नए लोगों को अवसर मिलना चाहिए।

राजीव रंजन 7 फरवरी 2020 से झारखंड के महाधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों में न्यायालय में पक्ष रखा।


Key Highlights

• झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने पद से इस्तीफा दिया।

• सरकार ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया।

• वरिष्ठ अधिवक्ता रोहितश्य रॉय बने राज्य के नए महाधिवक्ता।

• राजीव रंजन ने निजी कारणों से पद छोड़ने की बात कही।

• पंचम अच्युत केशव को वरीय अपर महाधिवक्ता नियुक्त किया गया।


Jharkhand AG Change:कौन हैं नए महाधिवक्ता रोहितश्य रॉय

झारखंड के नए महाधिवक्ता रोहितश्य रॉय राज्य के प्रमुख विधि विशेषज्ञों में गिने जाते हैं। उन्हें झारखंड हाईकोर्ट के अग्रणी अधिवक्ताओं में शामिल माना जाता है। दो दशक से अधिक लंबे कानूनी अनुभव के दौरान उन्होंने संवैधानिक मामलों और विधिक विषयों में अपनी अलग पहचान बनाई है।

14 मई 1980 को जन्मे रोहितश्य रॉय प्रतिष्ठित विधि परिवार से आते हैं। उनके पिता स्वर्गीय बीरेंद्र नाथ रॉय, जिन्हें कानूनी जगत में ‘बीरू बाबू’ के नाम से जाना जाता था, रांची सिविल कोर्ट में सिविल मामलों के विशेषज्ञ अधिवक्ता थे। वहीं, वे पटना हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश स्वर्गीय सत्येश्वर रॉय के भतीजे भी हैं।

उनकी प्रारंभिक शिक्षा रांची के संत जेवियर्स स्कूल, डोरंडा में हुई। कानूनी पेशे में उन्होंने संवैधानिक मूल्यों, कानून के शासन और न्यायिक परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।

Jharkhand AG Change:अच्युत केशव बने वरीय अपर महाधिवक्ता

राज्य सरकार ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अपर महाधिवक्ता पंचम अच्युत केशव के पद को उत्क्रमित कर उन्हें वरीय अपर महाधिवक्ता नियुक्त किया है। इस संबंध में विधि विभाग के प्रधान सचिव सह विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव के हस्ताक्षर से अलग अधिसूचना जारी की गई है।

Jharkhand AG Change:झारखंड के महाधिवक्ताओं की सूची में नया नाम जुड़ा

झारखंड राज्य के गठन के बाद अब तक मंगलमय बनर्जी, अनिल कुमार सिन्हा, एसबी गाडोदिया, रविशंकर मजूमदार, मोहम्मद सुहैल अनवर, विनोद पोद्दार, अजीत कुमार और राजीव रंजन महाधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब इस सूची में रोहितश्य रॉय का नाम भी जुड़ गया है।

Dave Cousins Archery Coach: तीन महीने से सैलरी नहीं! भारतीय तीरंदाजी...

Dave Cousins Archery Coach: भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी टीम के विदेशी मुख्य कोच डेव कजिंस ने तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर पद छोड़ने...

Jamshedpur P&M Mall: P&M मॉल का पिछला गेट क्यों हुआ सील?...

Jamshedpur P&M Mall, जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित पीएंडएम मॉल में नक्शा विचलन से जुड़े मामले को लेकर टाटा स्टील ने कार्रवाई शुरू कर दी है।...

Bihar Commercial Tax Raid: बिहार में पटाखा कारोबारियों पर वाणिज्य कर...

Bihar Commercial Tax Raid: बिहार में कर चोरी के विरुद्ध वाणिज्य कर विभाग ने कार्रवाई करते हुए गया और औरंगाबाद के तीन पटाखा प्रतिष्ठानों...