रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा मैट्रिक और इंटर परीक्षा 11 फरवरी से आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्यभर के लगभग 8 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए राज्य में कुल 2100 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
शुक्रवार दोपहर जैक के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा के आदेश पर वेबसाइट पर एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए गए। इसके बाद स्कूलों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उन्हें छात्रों के बीच वितरित करना शुरू कर दिया। शनिवार शाम तक रांची जिले के सभी सरकारी स्कूलों में लगभग 80% परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड मिल चुका था।
हालांकि, कुछ एडमिट कार्ड में नाम, विषय और माता-पिता के नाम जैसी त्रुटियां पाई गईं। स्कूल प्रशासन ने ऐसे छात्रों से आवेदन लेकर उनकी जानकारी संबंधित केंद्रों को भेजने का निर्देश दिया है, ताकि परीक्षा में कोई बाधा न आए। परीक्षा समाप्त होने के बाद जैक कार्यालय से एडमिट कार्ड में सुधार कराया जाएगा।
रांची जिले में कुल 102 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 35,213 छात्र परीक्षा देंगे। पूरे राज्य में मैट्रिक के 4,11,536 और इंटर के 3,31,616 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जैक परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां कर रहा है।
Highlights


















