Jharkhand Panchayat Chunav: जानिए इन जिलों में कितने प्रतिशत हुआ मतदान– झारखंड में
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान चल रहा है.
इस चरण में कुल 9,819 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.
इसमें 30,221 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें 17,437 महिलाएं भी मैदान में है.
इस चरण की कुल 9,819 सीटों में 5,057 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं.
21 जिलों में 52 लाख 22 हजार 815 मतदाता गांव की सरकार चुनने के लिए वोट कर रहे हैं.
इसके लिए 1117 ग्राम पंचायतों में 14,079 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं.
पहले फेज की मतगणना 17 मई को होगी.
धनबाद: 412 भवन में बनाए गए मतदान केंद्र

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में आज तोपचांची, टुंडी व पूर्वी टुंडी में
कुल 641 मतदान केन्द्र पर मतदान शुरू हो गया है.
सुबह के 9ः00 बजे तक 10 प्रतिशत मतदान संपन्न हो चुकी थी.
तोपचांची में 326, टुंडी में 203 और पूर्वी टुंडी में 112 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हुई.
वोटिंग के लिए 412 भवन में मतदान केंद्र बनाए गए है.
तोपचांची में 63339 पुरुष, 57218 महिला व तीन थर्ड जेंडर,
टुंडी में 36060 पुरुष व 33378 महिला तथा पूर्वी टुंडी में 20524 पुरुष व 19685 महिला मतदाताओं को लेकर प्रथम चरण में 119923 पुरूष, 110281 महिला व तीन थर्ड जेंडर सहित कुल 230207 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. प्रथम चरण की मतगणना 17 मई को नेहरू कॉम्प्लेक्स कोयला नगर में की जाएगी.
बोकारो में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन मुस्तैद

बोकारो: जिले के गोमिया और पेटरवार प्रखंड में आज हो रहे प्रथम चरण के पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है. प्रथम चरण का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है. सुबह 9 बजे तक मतदान प्रतिशत की बात करें तो उग्रवाद प्रभावित गोमिया प्रखंड में 18 फ़ीसदी और पेटरवार प्रखंड में 16 फ़ीसदी मतदान हुआ है.
डीसी और एसपी ने किया निरीक्षण

बोकारो उपायुक्त कुलदीप चौधरी और एसपी चंदन कुमार झा ने पेटरवार प्रखंड के राजकृत मध्य विद्यालय में बने आदर्श बूथ का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदाताओं के पहचान पत्र की भी जांच की. एसपी चंदन कुमार झा ने बताया कि अपवाद प्रभात गोमिया प्रखंड में पुलिस की मौजूदगी में शांतिपूर्ण मतदान सुचारू रूप से चल रहा है. सभी बूथों में जिला पुलिस, जैप जवानों को लगाया गया है. उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है. मतदान का प्रतिशत भी काफी अच्छा है. लोग घरों से निकलकर मतदान करने पहुंच रहे हैं.
पलामू: नियंत्रण कक्ष से रखी जा रही नजर

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रथम चरण का मतदान आज प्रातः 7ः00 बजे से शुरू हो गया है. मतदान कार्य एवं गतिविधियों पर जिला नियंत्रण कक्ष द्वारा नजर रखी जा रही है. अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह ने जिला नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया एवं मतदान कार्य की स्थिति की जानकारी ली. मौके पर जिला नियंत्रण कक्ष नोडल अधिकारी दीपक कुमार एवं प्रमोद रंजन आदि उपस्थित रहे.पलामू के 6 प्रखंडों में सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा. पहला वोट पिपरा प्रखंड के बंभडी हाई स्कूल में बूथ संख्या 11 पर पहली बार जूली, पूजा एवं प्रीति ने वोट डाला. पहली बार वोट करने को लेकर इनमें काफी उत्साह दिखा.
बेरमो: मतदाताओं में उत्साह

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव निर्वाचन के प्रथम चरण का मतदान सुबह सात बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा. वोट करने को लेकर मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की लंबी लाईन लगी है. अनुशासन में रहकर मतदाता पहचान पत्र लेकर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.
देवघर: 848 बूथों पर हो रहा मतदान

देवघर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में देवघर, मोहनपुर, देवीपुर प्रखंड के मुखिया जिला परिषद सदस्य सहित अन्य पदों पर मतदान हो रहा है. कुल 848 बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं. यहां शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही है. मतदान को लेकर मतदाताओ में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है.
जिले के गिरिडीह सदर प्रखंड, जमुआ और गांडेय में डाले जा रहे वोट

गिरिडीह: जिले में चुनाव 4 चरण में होना है. आज पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है. पहले चरण में गिरिडीह सदर प्रखंड, जमुआ प्रखंड और गांडेय प्रखंड शामिल है. पहले चरण में आज 1281 बूथों पर वोट डाले जा रहे हैं. प्रखंड में कुल 444459 मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर रहे हैं. कुल 1521 उमीदवारों का फैसला होगा. शांतिपूर्ण मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती हर एक बूथ पर की गई है. प्रखंड में कुल 386 मतदान केंद्र को संवेदनशील, 710 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील बूथों की श्रेणी में रखा गया है.

















