JTET Admit Card 2026: एडमिट कार्ड में विषय की गड़बड़ी से 10-12 हजार अभ्यर्थी परेशान, JAC पहुंचे छात्र

 झारखंड JTET 2026 के एडमिट कार्ड में विषय, फोटो और हस्ताक्षर संबंधी गड़बड़ियों की शिकायत। 10 से 12 हजार अभ्यर्थियों के प्रभावित होने की आशंका, JAC से सुधार की मांग।


JTET Admit Card 2026 रांची: JTET 2026 से पहले एडमिट कार्ड में विषय चयन से जुड़ी गड़बड़ियों ने हजारों अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को बोकारो, हजारीबाग, लातेहार, दुमका, पाकुड़ और गुमला समेत विभिन्न जिलों के अभ्यर्थी अपनी शिकायतें लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) कार्यालय पहुंचे। छात्रों का दावा है कि विषय चयन के विकल्पों में बदलाव की जानकारी नहीं मिलने के कारण राज्यभर में लगभग 10 से 12 हजार अभ्यर्थी प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा कई प्रवेश पत्रों में गलत विषय दर्ज होने तथा फोटो और हस्ताक्षर गायब होने की भी शिकायतें सामने आई हैं।

JTET 2026: विषय चयन के विकल्प में बदलाव से बढ़ी परेशानी

अभ्यर्थियों के अनुसार, वर्ष 2024 और 2026 की आवेदन प्रक्रिया के दौरान विषय चयन के लिए साइंस और सोशल स्टडीज (SST) के दो विकल्प उपलब्ध थे। कला संकाय से जुड़े कई अभ्यर्थियों ने सोशल स्टडीज का विकल्प चुना था। उनका कहना है कि आवेदन सुधार के दौरान तीसरा विकल्प ‘लैंग्वेज’ जोड़ा गया, लेकिन इसकी जानकारी सभी अभ्यर्थियों तक स्पष्ट रूप से नहीं पहुंची।

छात्रों का आरोप है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया था, उनमें से कई ने सुधार के दौरान अपने फॉर्म में बदलाव नहीं किया, क्योंकि उन्हें अपने आवेदन में कोई गलती नजर नहीं आ रही थी। अब एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उन्हें पता चल रहा है कि उनके चुने गए विषय और प्रवेश पत्र में दर्ज विषय के बीच अंतर है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि इस समस्या का असर भविष्य में शिक्षक नियुक्ति के दौरान विषय संबंधी पात्रता के सत्यापन पर भी पड़ सकता है। इसलिए उन्होंने परिषद से आवेदन में संशोधन का अवसर देने की मांग की है।

JTET 2026:एडमिट कार्ड में गलत विषय के साथ फोटो और हस्ताक्षर गायब होने की शिकायत

JAC कार्यालय पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि कई Admit Card में हिंदी, अंग्रेजी या अन्य भाषा विषयों के स्थान पर ‘सोशल स्टडीज टीचर’ दर्ज है। कुछ छात्रों ने एडमिट कार्ड से फोटो और हस्ताक्षर गायब होने की शिकायत भी की। उनका कहना है कि आवेदन के समय आवश्यक जानकारियां भरने और दस्तावेज अपलोड करने के बावजूद ऐसी त्रुटियां सामने आई हैं।

परीक्षा की तारीख नजदीक होने के कारण अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है। छात्रों के मुताबिक, वे सुबह छह बजे से ही JAC कार्यालय के बाहर अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद में इंतजार कर रहे थे।

इस दौरान अभ्यर्थियों ने JAC सचिव एसडी तिग्गा के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। छात्रों का आरोप है कि उन्हें अपनी समस्याओं पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला और पुलिस बुलाकर कार्यालय से बाहर निकलवाने की धमकी दी गई। हालांकि, इस मामले में सचिव का आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका।

JTET 2026:दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं

अभ्यर्थियों के विरोध के बाद पांच महिला और पांच पुरुष अभ्यर्थियों समेत दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को अधिकारियों से बातचीत का अवसर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विषय चयन के विकल्पों में बदलाव, एडमिट कार्ड में गलत विषय दर्ज होने और फोटो व हस्ताक्षर गायब होने की समस्याएं उठाईं।

अभ्यर्थियों के अनुसार, बातचीत के दौरान उन्हें फिलहाल जारी एडमिट कार्ड के आधार पर एक नवंबर को परीक्षा में शामिल होने और परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद सत्यापन के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाने का आश्वासन दिया गया। छात्रों ने इस आश्वासन को लिखित रूप में देने की मांग की। उनके मुताबिक, इसके बाद उन्हें लिखित आश्वासन और आवेदनों की प्राप्ति रसीद भी दी गई।

JTET 2026:JAC से आधिकारिक सूचना जारी करने की मांग

अभ्यर्थियों ने JAC प्रशासन से पूरे मामले पर आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि हजारों छात्र विषय चयन संबंधी गड़बड़ियों से प्रभावित हैं, तो परिषद की वेबसाइट पर विकल्पों में हुए बदलाव और आवेदन सुधार की प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।

छात्रों की मांग है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले उपलब्ध विकल्पों के आधार पर आवेदन किया था और बदलाव की जानकारी नहीं मिलने के कारण संशोधन नहीं कर सके, उन्हें दोबारा सुधार का अवसर दिया जाए। उनका कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर हुई कथित चूक का खामियाजा अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना चाहिए।

 

Jharkhand Weather Alert: 27 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश और...

झारखंड में चक्रवात अर्णब के प्रभाव से 27 से 30 अक्टूबर तक बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट। रांची समेत कई जिलों में...

Dhanbad Murder: जमीन विवाद में दौलत राम महतो की हत्या, चाचा...

 धनबाद के बरवाअड्डा में 32 वर्षीय दौलत राम महतो की धारदार हथियार से हत्या। जमीन विवाद में चाचा समेत पांच पर आरोप, पुलिस जांच...

Ranchi News: पश्चिम बंगाल से चोरी सरसों तेल की रांची में...

 पश्चिम बंगाल से चोरी हुए सरसों तेल के मामले में बंगाल पुलिस ने रांची के चान्हो में छापेमारी की। ओपा गांव से 40 से...