मुंगेर : मुंगेर जिले के आदर्श थाना जमालपुर में सोमवार को रकम तीगुना करने के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 15 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस केस में कितने स्थानीय ऐसे लोग हैं जिन्होंने वैध के अलावा अवैध धन को बिना अपने नाम के निवेश किया था।
6 माह से बरस रहे थे पैसे
जानकारी के अनुसार, जमालपुर के दौलतपुर स्थित के एस काम्प्लेक्स में विगत छह माह से संचालित जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा शहर में निवेश के नाम पर सैंकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर ली है। कंपनी अब फरार हो चुकी है। जिसके बाद निवेशक अब निवेश किए रुपए की बरामदगी को लेकर थाने का चक्कर लगा रही है। सोमवार को ढ़ाई दर्जन से अधिक निवेशकों ने थाना पहुंच आवेदन देते हुए कहा कि कंपनी के चेयरमैन नया टोला फुलका निवासी इन्द्रदेव तांती के पुत्र जितेंद्र कुमार राजीव द्वारा सुनियोजित तरीके से सैंकड़ों लोगों को लाखों लाख का चुना लगाया गया है। जिसमें स्थानीय लोगों की भी अहम भूमिका है।
स्थानीय लोगों में धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग निवासी कैलाश तांती का पुत्र संतोष, कैलाश तांती का पुत्र संजीव, नया टोला फुलका निवासी इन्द्रदेव तांती का पुत्र प्रियरंजन कुमार राजीव, ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी गरीब तांती का पुत्र राजा शामिल है। पीड़ितों ने कहा कि कंपनी में पैसे निवेश करवाने में इन सभी की भूमिका उल्लेखनीय रही है। परंतु अब जब कंपनी अपना शटर गिरा फरार हो गई तो उक्त सभी लोग अब स्वयं को बेचारा साबित करने में लगे हुए हैं।
एक ID पर सवा से डेढ़ लाख का होता था निवेश
थाना पहुंचे रविरंजन कुमार, अमन कुमार, अजीत कुमार,रेणु कुमारी और पिहू रानी सहित अन्य ने बताया कि कंपनी के लोगों द्वारा एक आइडी खोलने पर एक लाख 31 हजार से लेकर दो लाख 56 हजार 500 रुपए तक की निवेश कराई जाती थी। जमालपुर में 100 से ज्यादा ऐसे निवेशक हैं। जिन्होंने कंपनी में कम समय में रकम तीगुनी के नाम पर दो लाख 56 हजार 500 रुपए तक की निवेश कर रखी थी।
निवेशकों को बाइक और कार भी किया था गिफ्ट
उन्होंने बताया कि कंपनी के चेयरमैन द्वारा कंपनी में ज्यादा से ज्यादा निवेशकों को लानेवाले निवेशक को बाइक और कार तक गिफ्ट किया गया था। जमालपुर शहर में भी कंपनी द्वारा 10 फोर व्हीलर और लगभग 50 बाइक गिफ्ट के रूप में प्रदान किया गया था। कंपनी का यह फारमूला निवेशकों के लिए जी का जंजाल बन गया।
नया टोला फुलका और सारोबाग से संचालित था रैकेट
निवेशकों ने बताया कि कंपनी का मुख्य तार जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फुलका और धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग गांव से जुड़ा हुआ था। इन दोनों ही गांव के लोग इस कंपनी में बतौर अधिकारी के रूप में तैनात थे जो मीठा मीठा बोल जमा धन पर कम समय में अच्छे ब्याज देने का प्रलोभन देकर लोगों को ठगने का काम किया करते थे। अब जब कंपनी फरार हो गई तो ऐसे लोग जो कल तक अधिकारी बन कर कंपनी के ऑफिस में तैनात रहते थे आज नजर मिलाने से भी कतरा रहे हैं।
यह भी देखें :
HDFC और बंधन बैंक में खोल रखा था खाता
निवेशकों ने बताया कि कंपनी के चेयरमैन जीतेंद्र कुमार राजीव द्वारा अपने नाम से एचडीएफसी और बंधन बैंक में स्वयं के नाम से खाता खोल रखा था, जहां वे निवेशकों से अपने अपने पैसों का निवेश करवाता था।
शटर गिरा कंपनी हुई फरार
इधर, निवेशकों की सूचना के बाद जब पुलिस कंपनी के ऑफिस पर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। पता चला कि कंपनी द्वारा के एस काम्प्लेक्स को किराए पर लिया गया था। काम्प्लेक्स के मालिक अरविंद ने बताया कि कंपनी द्वारा चार महीने का किराया भी बाकी रखा गया था। इतना ही नहीं कहा कि उसके द्वारा भी कंपनी में रकम तीगुनी के नाम पर पैसे निवेश कर रखे थे।
होगी कार्रवाई, नहीं बचेगें शामिल फ्रॉड
इधर, इस संबंध में एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के विरुद्ध लगभग 15 करोड़ रुपए ठगी का मामला सामने आया है। कंपनी और उसके लोग फरार हो गए हैं। कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत धीरज को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। कहा फ्रॉड के धंधे में शामिल लोग पुलिस पकड़ से बच नही पाएंगे।
यह भी पढ़े : कुआं में डूबकर भाई-बहन की मौत, परिजनों को आश्वासन देने पहुंचे JDU MLA व SDO
कुमार मिथुन की रिपोर्ट



















