रांची: छठ महापर्व के लिए रांची के विभिन्न क्षेत्रों में पूजन सामग्री और फलों की बाजार सज गई है। अपर बाजार, मेन रोड, लालपुर, डोरंडा, रातू रोड सहित अन्य प्रमुख इलाकों में देर शाम तक लोगों ने छठ पूजा के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी की। डेली मार्केट और हरमू फल मंडी में भी दिनभर लोगों का जमावड़ा रहा, जहां फलों की खरीदारी जोरों पर रही।

रांची और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी थोक में फलों की खरीदारी के लिए हरमू मंडी पहुंचे। बड़ी गाड़ियों से फलों के उतरते ही व्यापारियों के बीच बोली लगाने का माहौल बन जाता था। रेट तय होने के बाद व्यापारी टेंपो और अन्य वाहनों में फलों की पेटियाँ और केले की कांदी लेकर निकल गए। खुदरा ग्राहकों को भी थोक बाजार के रेट पर फल मिलने से राहत मिली है।

फल व्यापारियों के अनुसार, रांची में केले की आवक आंध्र प्रदेश और बंगाल से हो रही है, जबकि संतरा नागपुर और सेब कश्मीर व शिमला से आ रहे हैं। इस साल फलों की आवक अधिक होने के कारण बाजार में सभी फल सामान्य कीमतों पर उपलब्ध हैं। थोक व्यापारियों ने बताया कि पिछले चार दिनों में रोजाना 100 बड़ी गाड़ियां फल लेकर आ रही हैं। देश में अच्छी बारिश के चलते फलों के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। अपर बाजार में 100 से अधिक विक्रेता छठ पूजा की विशेष सामग्री बेचने पहुंचे हैं।



















