वियतनाम सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के विनय राय के शव शनिवार को कोलकाता पहुंचेंगे।
Ranchi News रांची: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के विनय राय के शव शनिवार को झारखंड पहुंचेंगे। शुक्रवार को वियतनाम में श्रद्धांजलि देने के बाद दोनों के पार्थिव शरीर भारत के लिए रवाना कर दिये गये। शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों शव कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से राजा कुमार वर्मा का शव रांची और विनय राय का शव जमशेदपुर लाया जायेगा।
Ranchi News: कोलकाता से सड़क मार्ग से झारखंड लाये जायेंगे शव
विनय राय के पिता रमेश राय के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों शव कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शव लेने के लिए दोनों परिवारों के परिजन कोलकाता जायेंगे। एयरपोर्ट से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को सड़क मार्ग से उनके गृह शहर लाया जायेगा।
राजा कुमार वर्मा के शव को रांची और विनय राय के शव को जमशेदपुर लाने की तैयारी की गयी है। शवों को भारत लाने के लिए परिजनों के साथ कई स्तर पर प्रयास किये जा रहे थे।
Key Highlights
- वियतनाम हादसे में रांची के राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के विनय राय की मौत हुई थी।
- दोनों शव शनिवार दोपहर करीब एक बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- कोलकाता से सड़क मार्ग से शव रांची और जमशेदपुर लाये जायेंगे।
- राजा कुमार के भाई ने शव भारत लाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
- सांसद संजय सेठ ने विदेश मंत्रालय से संपर्क कर शव वापस लाने का प्रयास किया।
Ranchi News: शव भारत लाने के लिए हाईकोर्ट और विदेश मंत्रालय तक प्रयास
राजा कुमार वर्मा के शव को भारत लाने के लिए उनके भाई ने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। वहीं सांसद संजय सेठ ने विदेश मंत्रालय से संपर्क कर शव को भारत वापस लाने की प्रक्रिया में सहयोग का प्रयास किया। राजा कुमार के मामा भी वियतनाम में मौजूद थे और वहां से शव को भारत भेजने की प्रक्रिया में शामिल रहे।
परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद से ही दोनों के शवों को झारखंड लाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था। अब दोनों शवों के भारत पहुंचने के बाद परिवार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर सकेगा।
Ranchi News: 25 सितंबर को दा-लाट में हुआ था सड़क हादसा
25 सितंबर को वियतनाम के दा-लाट शहर में यह सड़क हादसा हुआ था। जानकारी के अनुसार, बाइक अनियंत्रित होकर एक कार की चपेट में आ गयी थी। हादसे में रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गयी थी। वहीं जमशेदपुर के विनय राय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
बताया गया कि दोनों काम खत्म करने के बाद अपने संस्थान लौट रहे थे। इसी दौरान वे सड़क हादसे का शिकार हो गये। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।


















