पटना : पटना में आज राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता व प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राजद विधायक रणविजय साहू, मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की। राजद नेताओं ने बताया कि नौ जून को बिहार के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर पार्टी कार्यकर्ता सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 17 जून को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर व्यापक विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि इन कार्यक्रमों के दौरान पार्टी कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी भी देंगे।
बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है – RJD
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता बढ़ती कीमतों, रोजगार की कमी और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से परेशान है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से काम नहीं कर रही है। राजद ने कहा कि जनता से जुड़े इन सवालों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और आगामी आंदोलन के माध्यम से सरकार को जनता की समस्याओं से अवगत कराएगी।

बिहार में कैग की रिपोर्ट में कहा गया है कि 72 हजार करोड़ का सरकार हिसाब नहीं दे रही है – प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि बिहार में कैग की रिपोर्ट में कहा गया है कि 72 हजार करोड़ रुपए का सरकार हिसाब नहीं दे रही है। बिहार में जिस तरह से वित्तीय गबन और और वित्तीय अपराध का मामला है उस पर सरकार चुप है। यह जनता का पैसा है लेकिन सरकार उसका हिसाब नहीं दे रही है आखिर यह गड़बड़ी कैसे हुई इसके संबंध में जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है,यह जनता का पैसा था आखिर कहां गया यह सरकार में बैठे हुए लोगों को बताना चाहिए।
महंगाई, बेरोजगारी, संगठित भ्रष्टाचार, विधि व्यवस्था व आम जनों के ज्वलंत मुद्दे को लेकर किया जाएगा प्रदर्शन – मंगनी लाल मंडल
मंगन लाल मंडल ने आगे कहा कि राष्ट्रीय जनता दल बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, संगठित भ्रष्टाचार, विधि व्यवस्था और आम जनों के ज्वलंत मुद्दे के सवाल पर राज्य भर में पहले चरण में नौ जून को प्रखंड स्तर पर सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा। और दूसरे चरण में 17 जून 2026 को राज्य भर के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा। और आंदोलन के अगले चरण में धरना, प्रदर्शन के साथ गिरफ्तारी का कार्यक्रम भी व्यापक रूप से किया जाएगा, जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी।

देश और राज्य में हिडेन इमरजेंसी जैसे हालात हैं – राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कहा कि देश और राज्य में हिडेन इमरजेंसी जैसे हालात हैं। जो बोलेगा वह गिरफ्तार होगा जो लिखेगा उसपर हमला होगा। बिहार में सरकार अडानी को खुश करने वाली कार्रवाई में लगी हुई है। जिस कारण वैसे लोगों को तंग किया जा रहा है, जो अडानी को चैलेंज कर रहे हैं। पटना में लाखों गरीब परिवार को उजाड़ दिया गया है। इतनी भीषण गर्मी में लोग सड़कों पर रहने के लिए मजबूर हैं, सरकार की मानवीय संवेदना समाप्त हो गई है। जो भी इस तरह के जनविरोधी कार्यो का विरोध करता है उसकी पिटाई की जाती है और उसपर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। बिहार में गरीबों को तंग करने वाली सरकार है।
संगठन और संघर्ष के माध्यम से हम जनता के बीच मुद्दों के आधार पर जाएंगे – प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन
प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन ने कहा कि संगठन और संघर्ष के माध्यम से हम जनता के बीच मुद्दों के आधार पर जाएंगे और धरना प्रदर्शन के माध्यम से लोगों के बीच सरकार के जन विरोधी कार्यो को उजागर करेंगे। प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने कहा कि एनडीए सरकार को गरीबों की चिंता नहीं है कई राज्यों में पेट्रोलियम पदार्थों का सरचार्ज घटा दिया गया है। लेकिन बिहार में सबसे महंगे दामों पर पेट्रोल और डीजल आम लोगों को उपलब्ध करा रही है।

जनहित के मुद्दों पर आंदोलन किया जाएगा जो जोरदार और असरदार होगा – मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव
प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आंदोलन किया जाएगा जो जोरदार और असरदार होगा। इन्होंने सरकार से पूछा की रिशु किसका शिशु है यह बताया जाए। राष्ट्रीय जनता दल विचारधारा के आधार पर जनहित के मुद्दों पर आंदोलन और संघर्ष का कार्यक्रम चलाती है। बिहार में बकैती, फेकेती और लठैती वाली सरकार चल रही है।
इस बैठक में RJD के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव मुकुंद सिंह, निर्भय कुमार अंबेडकर, हरेंद्र कुमार कुशवाहा, संजय यादव, पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र विद्यार्थी, उपेंद्र चंद्रवंशी, विमल राय, गणेश कुमार यादव, मनोज यादव और संजय कुमार सहित अन्य गणमान्य नेतागण मौजूद थे।

यह भी पढ़े : बंगले पर मचा बवाल, RJD ने खोली सत्ता पक्ष की पोल, सिद्दीकी ने कहा- विपक्ष को दबाने और अपमानित करने की कोशिश
हिमांशु सिन्हा की रिपोर्ट
Highlights







