एलएनजेपी Hospital का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने सफाई और इलाज व्यवस्था पर जताई नाराजगी

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने एलएनजेपी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। सफाई, पैथोलॉजी, डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों की सुविधाओं में सुधार के सख्त निर्देश दिए।


पटना: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मंगलवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, इलाज व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि भी मौजूद रहे। मंत्री ने अस्पताल में मिली कई कमियों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।

ट्रॉमा सेंटर से शुरू हुआ निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक

स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण की शुरुआत ट्रॉमा सेंटर से की, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। शिकायतें मिलने पर अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई की व्यवस्था में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने वार्ड, ओपीडी और पुरुष शौचालय का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मरीजों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और अन्य पैथोलॉजी जांच में हो रही देरी को गंभीर मानते हुए पैथोलॉजी विभाग को 24 घंटे संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही लैब टेक्नीशियन और पैरामेडिकल कर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा।


Key Highlights

  • स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने एलएनजेपी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण।

  • 24 घंटे पैथोलॉजी सेवा और लैब टेक्नीशियन बढ़ाने के दिए निर्देश।

  • सफाई, एसी और इलाज व्यवस्था में मिली कमियों पर जताई नाराजगी।

  • बिना सूचना अनुपस्थित वरिष्ठ सर्जन को जारी किया गया शो कॉज नोटिस।

  • 400 बेड वाले नए अस्पताल भवन का निर्माण अगस्त 2026 तक पूरा होने का दावा।


डॉक्टरों की अनुपस्थिति और बाहरी जांच लिखने पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कुमार चौधरी को सभी कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सकों को बिना एप्रन के कार्य करते पाया, जिस पर उन्होंने ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

वहीं, बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए वरिष्ठ सर्जन डॉ. आर.के. रौशन से स्वास्थ्य मंत्री ने फोन पर बातचीत की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर शो कॉज नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा न्यूरोसर्जन डॉ. श्याम किशोर द्वारा मरीज के पुर्जे पर बाहरी जांच लिखे जाने की शिकायत पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

नए अस्पताल भवन और कैंटीन व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

स्वास्थ्य मंत्री ने इमरजेंसी वार्ड के बाहर मरीजों के परिजनों से भी फीडबैक लिया और दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। मरीज की शिकायत पर ओपीडी वार्ड में खराब पड़े एयर कंडीशनर को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश भी दिया।

उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 400 बेड वाले नए अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य अगस्त 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा और सितंबर 2026 से इसे पूरी तरह संचालित किया जाएगा।

इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की कैंटीन का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन समय पर उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के अंत में स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में रेडियोलॉजिस्ट, लैब टेक्नीशियन, पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की रिक्तियों को शीघ्र भरने के लिए सूची तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश दिए।

Highlights

Patratu Dam Tourism: पतरातू डैम में क्या है नया आकर्षण? म्यूजिकल...

Patratu Dam Tourism: झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक, पतरातु डैम को गुरुवार को एक नई पहचान मिली। राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति,...

Coal India Solar Project: खावड़ा में Coal India की बड़ी उपलब्धि,...

Coal India Solar Project: पब्लिक सेक्टर की बड़ी कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड ने गुजरात के खावड़ा में बन रहे 300 MW के सोलर पावर प्रोजेक्ट...

Social Media से बढ़ाएं जनभागीदारी, मंत्री श्रवण कुमार ने आईपीआरडी को...

बिहार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए जनभागीदारी बढ़ाने और भ्रामक खबरों का...