रांची: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए रांची जिले में 29 अप्रैल को सभी पंचायतों में विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। इन कैंपों का उद्देश्य लाभुकों के आधार नंबर को योजना से जोड़ना (आधार सीडिंग) है। कैंप सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
किन लाभुकों के लिए है अनिवार्य?
जिन लाभुकों को 3 अप्रैल या उसके बाद तीन माह की सम्मान राशि एक साथ मिली है, उनके लिए आधार सीडिंग कराना अनिवार्य किया गया है। ऐसे लाभुकों को 29 अप्रैल को पंचायत कैंप में उपस्थित होकर अपना आधार सीडिंग कराना होगा।
वहीं, जिन्हें 3 अप्रैल से पहले तीन माह की राशि एकमुश्त मिली थी, उन्हें इस कैंप में आने की आवश्यकता नहीं है।
आधार सीडिंग के बिना रुकेगी मई माह की राशि
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों का आधार सीडिंग पूरा नहीं होगा, उन्हें मई माह से सम्मान राशि का भुगतान रोक दिया जाएगा। इसलिए समय रहते सभी पात्र लाभुकों से आधार लिंक कराने की अपील की गई है।
कैंप का आयोजन पंचायत स्तर पर
रांची जिले की सभी पंचायतों में संबंधित पंचायत सचिवों और पदाधिकारियों की देखरेख में यह अभियान संचालित किया जाएगा। लाभुकों को आधार कार्ड की प्रति एवं मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है।


















