बेगूसराय : बिहार सरकार शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. लेकिन शराब तस्कर हैं कि अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं. इधर पुलिस और उत्पाद विभाग भी बड़ी तत्परता से शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुटी हुई है. ताजा मामला बिहार के बेगूसराय की है. जहां उत्पाद विभाग की टीम ने स्कूटी सवार एक शराब तस्कर को 52 बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है.
दरअसल उत्पाद विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एघु गांव में स्कूटी से होम डिलीवरी के लिए शराब लायी जा रही है. इसी सूचना पर उत्पाद विभाग की टीम ने मुफस्सिल थाना के बड़ी एघु हनुमान मंदिर के पास वाहन जांच के दौरान स्कूटी सवार पीयूष कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके पास से करीब 52 बोतल विदेशी शराब बरामद किया गया.
उत्पाद निरीक्षक दुर्गेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पियुष कुमार की मां और पिता भी पहले शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है. उसके बाद पीयूष कुमार भी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है.
गौरतलब है कि बिहार में एक अप्रैल, 2016 में शराबबंदी लागू की गई थी, जिसके बाद से अब तक कई बड़े शराब माफियाओं पर कार्रवाई की जा चुकी है. पुलिस कार्रवाई का सिलसिला बीते पांच सालों से जारी है. लेकिन, शराब तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे. शराब माफिया अलग-अलग तरीके से शराब को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में लगे हुए हैं. इधर, पुलिस भी उनके खिलाफ करने में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: सुमित


















