रांचीः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज हेमंत सरकार पर फिर गरजे. वे मझगांव में अपनी संकल्प यात्रा के तहत जनसभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है. अपराधी बेलगाम हैं. इधर राज्य के विकास में अपना योगदान देने वाले 23 कारोबारियों की पिछले 6 महीनो में हुई हत्या पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार 9 ऐसे व्यवसाई की हत्या हुई है. जिसने पुलिस को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की थी.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन व्यवसायियों की हत्या का सीबीआई से जांच कराएं कि आखिर किसकी लापरवाही से सुरक्षा नहीं मिली. उन्होंने कहा कि यदि हेमंत सरकार जांच नहीं कराती तो 2024 में भाजपा सरकार में इसकी जांच कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि यह सरकार अपराधियों को संरक्षण देती है. दलालों और लुटेरों को एके-47 धारी सुरक्षा गार्ड मिलते हैं. सीएम सिक्युरिटी में लगे जवान का एके-47 दलाल के घर बरामद होता है.
हेमंत सोरेन के लिए होटवार जेल तैयार
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ऐसे अपराधियों के संरक्षक मुख्यमंत्री के लिए होटवार जेल पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है. ब्लॉक, थाना, जिला कहीं भी जाएं बिना पैसे का मृत्य प्रमाणपत्र, म्यूटेशन, राशनकार्ड नहीं बन सकता. पदाधिकारी खुलकर बोलते हैं. रिचार्ज कराना पड़ता है.
उन्होंने कहा कि कोयला पत्थर बालू की लूट मची है. गरीब को घर बनाने के लिए बालू नहीं मिल रहा. लेकिन बालू माफिया झारखंड का बालू बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश मुंबई कोलकाता भेज रहे और हेमंत सोरेन की तिजोरी भर रहे. बाबूलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनका परिवार आदिवासियों को लूट रहा. संथाल परगना से लेकर रांची तक नाम बदलकर जमीन लूटा. महाजन से लड़ते हुए सबसे बड़े महाजन खुद बन बैठे.
उन्होंने कहा कि बहन बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं।रोज बलात्कार की घटनाएं हो रही. मुख्यमंत्री पर जब जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही तो वे सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट दौड़ रहे. बोलते हैं आदिवासी हैं, क्या आदिवासी को राज्य को लूटने की छूट है. हेमंत सोरेन ने सबसे अधिक आदिवासियों को ही लूटा है.
आदिवासियों की हितैषी केवल भाजपा है
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आदिवासियों की हितैषी केवल भाजपा है. आज मोदी मंत्रिमंडल में 8 आदिवासी मंत्री हैं. देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति के रूप में पहली आदिवासी महिला देश का मार्गदर्शन कर रही. अटल बिहारी बाजपेई ने आदिवासी मंत्रालय बनाए ,झारखंड राज्य का गठन किया ,संथाली भाषा को 8वीं अनुसूची में शामिल किया.
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गांव गरीब किसान मजदूर महिला सभी वर्गों के विकास को समर्पित है.
कहा की जब भाजपा कि देश और प्रदेश में सरकार बनती है तो विकास होता है और कांग्रेस झामुमो राजद की सरकार में लूट और भ्रष्टाचार होता है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गांव गरीब किसान की चिंता कर रहे। जनधन खाता में गरीबों को पैसे दिए,किसान सम्मान निधि मिल रहा, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, 5किलो अनाज सब मिल रहे लेकिन हेमंत सरकार गरीबों का अनाज भी लूट रही.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं को रक्षा बंधन में गैस सिलेंडर पर सब्सिडी दी और अब 33%आरक्षण की व्यवस्था लोकसभा विधानसभा चुनाव में सुनिश्चित कर दिया. हेमंत सरकार आज सड़कों का मरम्मत भी नही करा रही. स्कूल में शिक्षक नही,अस्पताल में डॉक्टर्स नही,नर्स नही,दवाई नही। बेरोजगारों को रोजगार नहीं.
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार से विकास की उम्मीद ही बेमानी है. ये सरकार काम केलिए नही बल्कि कमाने केलिए बनी है. अपराधियों दलालों, बिचौलियों के लिए बनी है. उन्होंने कहा कि 2024 में लोकसभा चुनाव में झारखंड की सभी लोकसभा सीट जिताकर मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने और विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व की मजबूत सरकार राज्य में बनाने का संकल्प लें.
रिपोर्टः मदन सिंह
Highlights


